गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ
ज्ञानपुर (भदोही) : गणेश के पूजन से गुलजार रहा नगर शनिवार को मूर्ति विसर्जन के साथ ही खाली-खाली सा शांत नजर आया। नगर के पुरानी बाजार, पटेल नगर, सिंहपुर स्थित गणेश प्रतिमाएं शनिवार को रामपुर गंगाघाट पर विसर्जित की गईं। इसमें आस्थावानों का हुजूम उमड़ पड़ा था। नम आंखों के बीच गाजे-बाजे के साथ नाचते गाते भक्तों का हुजूम लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। गणेश को विदाई देने व उनके दर्शन को लोग लालायित दिखे। आलम यह रहा कि छतों पर बच्चों व महिलाओं की भीड़ लगी रही। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ। देवा हो देवा गणपति देवा तुमसे बढ़कर कौन आदि डीजे व बैंडबाजे के गीत और धुन पर मूर्तियों के विसर्जन को निकले भक्तों के हुजूम के अलौकिक नजारे को नजरों में कैद करने की बेताबी जनजन में दिखी। एक सप्ताह तक गणेश पूजनोत्वस में आस्था उफान पर थी। पूजन-अर्चन के साथ स्थापित प्रतिमा के दर्शन को भक्तों का उमड़ा रेला समय के साथ और बढ़ता गया। इस मौके पर भजन-कीर्तन व गीतों के माध्यम से भी भक्ति की सुगंध फैलती रही। शनिवार को गाजे-बाजे के साथ भक्तों ने पहले नगर भ्रमण किया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं व बच्चों की भी संख्या रही। इसके बाद मूर्ति रामपुर गंगा घाट पर विसर्जित कर दी गई। आस्थावान जमकर रंग, गुलाल-अबीर उड़ाते रहे। इस दौरान खूब जयकारा भी लगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर