गन्ना मूल्य भुगतान पर सड़क जाम
जागरण संवाददाता, बस्ती : किसानों की समस्याओं को लेकर किसान मजदूर विकास मोर्चा ने मंगलवार को सड़क जाम कर दिया। कुछ देर के लिए बस्ती- डुमरियागंज मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। तहसीलदार को सात सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा गया।
किसान मजदूर विकास मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर किसानों की समस्याओं को लेकर धरना शुरू किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि वाल्टरगंज व रुधौली चीनी मिल पर किसानों के गन्ने का मूल्य 122 करोड़ रुपया बकाया है, भुगतान करने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे में बाध्य होकर किसानों को धरना व प्रदर्शन का रास्ता अख्तियार करना पड़ा है। फिर भी अगर गन्ने के बकाया मूल्य का भुगतान किसानों को नहीं किया गया तो संगठन इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में चलाने को बाध्य होगा। महामंत्री सुरेश रावत ने कहा कि गन्ना मिलें किसानों के साथ छल कर रही हैं। बस्ती की बंद चीनी मिल को चलाया जाय। उपाध्यक्ष राम सजीवन चौधरी ने कहा कि अघोषित विद्युत कटौती के चलते किसान परेशान हैं। क्षेत्र की अधिकांश प्रमुख सड़के जर्जर हो चुकी हैं इन बदहाल सड़कों की मरम्मत कराई जाय। धरने के पश्चात संगठन के कार्यकर्ता तहसील से चलकर बस्ती-ड़मरियागंज मार्ग पर जा पहुंचे तथा सड़क को जाम कर दिया। जाम स्थल पर तहसीलदार जंग बहादुर यादव व थानाध्यक्ष सोनहा प्रदीप कुमार सिंह ने पहुंच कर जाम को समाप्त कराया तथा संगठन के सात सूत्रीय मांग पत्र को लिया। विजयसेन सिंह, राजेन्द्र सिंह, सत्यराम अग्रहरि, प्रभाकर पटेल, राकेश चौधरी, संजय कुमार चौधरी, रंगीलाल राजभर, रसीद अहमद, राम चंद्र यादव, रामेश्वर मणि त्रिपाठी, अब्दुल हमीद, राम किशोर, सुरेंद्र सिंह,प्रताप नरायन आदि लोग उपस्थित रहे।