मौसम का मिजाज बदला, किसान चिंतित
जागरण संवाददाता, बस्ती : गेहूं की कटाई किसान युद्ध स्तर पर कर रहे हैं। इसी बीच धूल भरी आंधी ने मौसम का मिजाज बदल कर रख दिया। ऐसे में अपनी फसल को बचाने में किसानों की नींद उड़ गई है।
गुरुवार को देर शाम मौसम का ऐसा मिजाज बदला तो किसानों के होश उड़ गए। तेज हवा के साथ आई आंधी ने गेहूं की कटाई को विराम लगा दिया है। रुक-रुक कर आंधी तूफान का यह सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। आंधी तूफान जहां एक तरफ गेहूं की फसल के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है, वहीं आग लगने की घटनाएं भी बढ़ी हैं।
क्षेत्र के किसान राम लाल पांडेय, दया शंकर विश्वकर्मा, साहबदीन यादव, राजा राम वर्मा, अर्जुन प्रसाद वर्मा, राम कृपाल चौहान, राजेश पांडेय, कोदई शुक्ल, राम मिलन वर्मा, राम तेज चौधरी का कहना है कि इस साल गेहूं की फसल अच्छी थी प्रकृति ने यदि साथ दिया तो किसान खुशहाल हो जायेगा। मगर दो दिन से जिस तरह से मौसम ने अपना मिजाज बदला है उससे तो लगता है कि शायद प्रकृति भी किसानों से नाखुश दिखाई दे रही हैं। शादी विवाह के इस मौसम में ऐसा मौसम होना लोगों के लिए परेशानियों का कारण बन सकता है।