स्विस भाषा सुनकर चकरा गई उप्र पुलिस
स्विटजरलैंड की पुलिस से किया क्राइम ब्रांच ने संपर्क दोनों देशों के बीच भाषा आ रही आ
जागरण संवाददाता, बरेली : भाषाई चक्कर ने अपनी पुलिस का दिमाग चकरा दिया। महापौर को धमकी देने के मामले में जब क्राइम ब्रांच ने स्विटजरलैंड पुलिस से संपर्क किया तो फोन पर जो आवाज आई, उसे सुनकर पुलिस वाले माथा पकड़कर बैठ गए। दूसरी ओर से जो आवाज आई, वह स्विस भाषा में थी। जोकि यहां की पुलिस समझ नहीं सकती। अब मुश्किल यह आई कि कैसे वहां की पुलिस से संवाद किया जाए। फिलहाल, स्विस भाषा के आगे घुटने टेकने वाली क्राइम ब्रांच ने अब आगे की तफ्तीश के लिए नया रास्ता निकाला है। अब जो बात होगी, वह ई-मेल के जरिये होगी। यानी अंग्रेजी में।
महापौर डॉ.उमेश गौतम को बीते दिनों ई-मेल भेजकर धमकी दी गई थी। पहले विवचेना का मामला फंसा रहा। अब एसएसपी ने आइटी एक्ट में दर्ज इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी है। टीम शुरूआत में ही अटक गई। टीम के सदस्यों ने मेल के बाबत प्राथमिक जानकारी हासिल करने के लिए स्विटजरलैंड की पुलिस से संपर्क किया। फोन लगाया तो उधर के पुलिस वाले स्विस भाषा में बात करने लगे। अब मुश्किल यह खड़ी हुई कि यहां की पुलिस को स्विस भाषा नहीं आती। ऐसे में संवाद का संकट खड़ा हो गया।
एसपी क्राइम ने बताया विवेचना इंस्पेक्टर सुभाष चन्द्र त्यागी कर रहे हैं। अभी तक की जांच में पता चला कि मेल स्विटजरलैंड से आया था। दोनों देशों की भाषा अलग होने के कारण मेल के जरिये तहकीकात की जा रही है। बहरहाल महापौर को धमकी देने वाले तक पहुंचना काफी चुनौतीपूर्ण काम है।