बरेली में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार के आवास पर किसानों का धरना
शनिवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के शहर आने की सूचना मिली तो दर्जनों किसान भारत सेवा ट्रस्ट पहुंच गए।
बरेली (जागरण संवाददाता)। आवास विकास परिषद की ओर से अधिग्रहित जमीन का मुआवजा सैकड़ों किसानों को नहीं मिल पाया। न तो वह खेती कर पा रहे हैं और न बिना रकम के गुजारा हो पा रहा है। शनिवार को किसानों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार के आवास एवं कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया।
देर रात तक किसान वहां बैठे रहे तो एसडीएम सदर बात करने पहुंचीं। किसानों से कहा कि 26 जुलाई को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार व अधिकारियों की उपस्थिति में समस्या का समाधान होगा। उसके बाद किसानों ने धरना खत्म किया।
रामपुर रोड परसाखेड़ा में आवास विकास सबसे बड़ी कालोनी बसाने जा रहा था। इसके लिए धंतिया, ट्यूलिया, हमीरपुर, बोहित, फरीदापुर, बल्लिया आदि गांवों की जमीन अधिग्रहित कर ली गई। सालों बीत गए लेकिन मुआवजा अब तक नहीं दिया गया। कई बार अधिकारियों से यह शिकायत की गई।
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से भी कहा गया लेकिन सिर्फ आश्वासन दिया गया। शनिवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के शहर आने की सूचना मिली तो दर्जनों किसान भारत सेवा ट्रस्ट पहुंच गए। तब तक केंद्रीय मंत्री लखनऊ चले गए थे। जिससे किसान बिफर गए।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नौकरशाही पर प्रहार, कहा-अफसर नाकारा
किसानों ने कहा कि जब तक मुआवजा नहीं मिलेगा तब तक आंदोलन करेंगे। बोले कि भाजपा किसानों की दशा सुधारने की बात कह रही थी लेकिन यहां तो किसानों का शोषण हो रहा है। नेता तक मदद करने को तैयार नहीं हैं। कहा, केंद्रीय मंत्री चाहते तो अब तक मुआवजा मिल जाता। बारिश में भी किसानों ने धरना दिया। रात को एसडीएम पहुंची तब वे वहां से हटे।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में डकैत ददुआ व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नाम पर दबंगई