कर्मचारी लगा रहे हैं निगम को चूना!
जागरण संवाददाता, बरेली: नगर निगम के कर्मचारी ही निगम के राजस्व को डकार रहे हैं। ऐसे आरोप ग्राम बेनीपुर चौधरी के लोगों ने मुख्य सीवरेज प्लांट के कर्मचारियों पर लगाए हैं। महापौर से की शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि बिना ठेका भी मुख्य सीवरेज प्लांट का संचालन हो रहा है, जिसके बदले कर्मचारी सिंचाई के लिए पानी की सप्लाई के लिए किसानों से वसूली भी कर रहे हैं। महापौर ने मामले की जांच और कार्रवाई के लिए नगर आयुक्त को पत्र लिखा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कर्मचारी इसके बदले किसानों से 15 हजार रुपये से अधिक की वसूली कर रहे हैं। इस संबंध में एक बार निगम के अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन उन्होंने सीवरेज प्लांट खराब होने की बात कही। बोले, सिर्फ सफाई के लिए प्लांट को एक से डेढ़ घंटा चलाया जा रहा है, जबकि वास्तविकता में निगम के कर्मचारी मिलीभगत से निगम को चूना लगा रहे हैं। शिकायत में बताया गया है कि प्लांट का ठेका मार्च 2013 में हुआ था, जो कि बोली कम होने से एक माह बाद निरस्त हो गया। इसके बाद से आज तक दूसरा ठेका हुआ नहीं, लेकिन प्लांट बराबर चल रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर डॉ. आईएस तोमर ने मामले की जांच और कार्रवाई के लिए नगर आयुक्त को लिखा है।