घटिया सामग्री से बना डिवाइडर टूटा
जागरण संवाददाता, बरेली: नगर निगम के अफसरों की लापरवाही से ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। घटिया सामग्री लगाने के कारण ही गुरुवार रात एक डिवाइडर टूट गया। प्रभा टाकीज के सामने यह डिवाइडर करीब एक माह पहले ही बना था। वहीं, इस डिवाइडर पर एक जगह नया कट बना लिया गया है। मामले की जानकारी होने पर महापौर ने अफसरों को कसा।
नगर निगम की ओर से बीते दिनों चौकी चौराहे से तीन सड़कों पर डिवाइडर का निर्माण हो रहा है। चौराहे से गांधी उद्यान तक का डिवाइडर करीब तीस लाख रुपये में स्वीकृत हुआ है। प्रभा टाकीज के पास तक डिवाइडर बन चुका है। बीते दिनों डिवाइडर घटिया सामग्री से बनाए जाने की शिकायत मिली थी। उस पर अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। गुरुवार रात डिवाइडर का किनारा टूटकर गिर गया। वहीं ठेकेदार ने पेट्रोल पंप के सामने डिवाइडर पर ओपन स्पेस बना दी है। मामले की जानकारी होने पर महापौर ने नगर निगम के इंजीनियरों को फोन पर सूचना दी। उन्हें टूटे हुए डिवाइडर का निर्माण करने का निर्देश दिया। इस पर ठेकेदार ने डिवाइडर दोबारा बना दिया। महापौर डा. आइएस तोमर ने बताया कि डिवाइडर पर एक ओर कट गलत है, इससे हादसे बढ़ेंगे। उन्होंने डिवाइडर के बीच रास्ता बंद करने के निर्देश दिए।