बादलों ने गिराया ढाई डिग्री तापमान, उमस ने छुड़ाए पसीने
जागरण संवाददाता, बरेली : शुक्रवार को दिन में बादल छाए तो ढाई डिग्री तापमान गिरा लेकिन उमस ने पसीने छ
जागरण संवाददाता, बरेली : शुक्रवार को दिन में बादल छाए तो ढाई डिग्री तापमान गिरा लेकिन उमस ने पसीने छुड़ा दिए। चार घंटे रही तेज धूप व लू से लोग बेहाल रहे। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार को भी बादल छाए रहेंगे। बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं।
शुक्रवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे। हवा से लोगों को गर्मी से सुबह नौ बजे तक राहत मिली। दस बजे सूरज निकला लेकिन कुछ देर बाद बादलों में छुप गया। 12 बजे के बाद सूरज ने तेज दिखाना शुरू किया तो हवा की नमी गायब हो गई और लू ने अपना रूप ले लिया। चार बजे तक तेज गर्मी पड़ी। इसी बीच दोपहर दो बजे तक अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। शाम छह बजे के बाद कुछ हवा चली लेकिन अधिक राहत नहीं दे सकी। रात के तापमान में गिरावट नहीं आई। सामान्य से तापमान अधिक बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक डा. जेपी गुप्ता कहते हैं कि हवाओं का रुख बदलने व मौसम साफ रहने के कारण तापमान अचानक बढ़ गया था लेकिन अब बादलों के कारण गिरने के आसार हैं। बूंदाबांदी भी लोगों को गर्मी से राहत दिलाने का काम करेगी।