दो दिन में मिलने लगेंगे ऑनलाइन जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र
जागरण संवाददाता, बरेली : ऑनलाइन जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने का रास्ता साफ हो गया है। नगर स्वास
जागरण संवाददाता, बरेली : ऑनलाइन जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने का रास्ता साफ हो गया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी के डिजीटल हस्ताक्षर न होने के कारण प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही थी। अब डिजीटल हस्ताक्षर आ गए हैं जो एनआइसी पर अपलोड कराए जाएंगे। हस्ताक्षर अपलोड होने के साथ ही जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र ऑनलाइन प्राप्त किए जा सकेंगे। यह प्रमाण पत्र नगर निगम की वेबसाइट से कहीं भी डाउनलोड किए जा सकेंगे।
ऑनलाइन जन्म मृत्यु प्रमाण के लिए नगर निगम से 109 अस्पताल पंजीकृत हैं, लेकिन नगर स्वास्थ्य अधिकारी के डिजीटल हस्ताक्षर न होने के कारण यह प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई। अस्पताल ऑनलाइन डाटा नगर निगम को भेजते तो जरूर, लेकिन डिजीटल हस्ताक्षर न होने के कारण प्रमाणपत्र ऑनलाइन जारी नहीं हो सके। मजबूरन नगर निगम या अस्पताल को मेन्यूअली ही प्रमाण पत्र जारी करने होते। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक ने बताया कि डिजीटल हस्ताक्षर आ गए हैं एनआइसी से अपलोड कराकर दो दिन के भीतर ऑनलाइन प्रमाण पत्र जारी करने शुरू कर दिए जाएंगे।
बिना पंजीकरण वाले अस्पतालों के प्रमाण पत्र नहीं होंगे जारी
ऑनलाइन जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए नगर निगम में 109 अस्पताल ही पंजीकृत हैं जबकि बरेली में अस्पतालों की संख्या तीन सौ से अधिक होगी। बिना पंजीकरण वाले अस्पतालों के जन्म प्रमाण पत्र नहीं जारी किए जाएंगे। सभी को पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल को 21 दिन के भीतर हर हाल में अपना डाटा ऑनलाइन नगर निगम को भेजना होगा। बिना पंजीकरण वालों के प्रमाण पत्र तभी बनाए जाएंगे जब अस्पताल बच्चे की डिटेल सीएमओ द्वारा सत्यापित नहीं कराते। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक ने बताया कि सभी अस्पतालों को पंजीकरण कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।