तिलक-चंदन कर भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र
जागरण संवाददाता, बरेली : भाई-बहनों का पर्व रक्षाबंधन शनिवार को उल्लास के साथ मनाया गया। हालांकि सुबह
जागरण संवाददाता, बरेली : भाई-बहनों का पर्व रक्षाबंधन शनिवार को उल्लास के साथ मनाया गया। हालांकि सुबह को भद्रा लगने के कारण बहनों को दोपहर तक का इंतजार करना पड़ा। दोपहर बाद ही बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। बदले में भाइयों ने उन्हें उपहार दिए।
रक्षाबंधन पर इस बार सुबह से ही भद्रा लगी थी। भद्रा के दौरान शुभ कार्य नहीं होने के कारण बहनें भी भाइयों को राखी नहीं बांध पाई। दोपहर करीब दो बजे से भद्रा काल बीतने के बाद ही बहनों ने भाइयों को राखी बांधी। सजे-धजे परिधानों में बहनों ने पूजा की थाल लेकर भाइयों का तिलक चंदन किया और उनकी आरती उतारी। इसके बाद उनकी कलाई पर राखी बांधकर उन्हें मिठाई खिलाई। भाइयों की लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने बहनों को उनकी रक्षा करने के साथ ही आकर्षक उपहार भी दिए। लड़कों के हाथ राखियों से भर गए। घरों में त्योहार पर विशेष पकवान भी बनाए गए। छोटे-छोटे बच्चे भी त्योहार पर खूब उत्साहित दिखे।
दुकानों पर उमड़े खरीदार
रक्षाबंधन के एक दिन पहले तक बाजार में करीब 15 करोड़ रुपये बरस गया था। राखी, मिठाई, रेडीमेड समेत तमाम चीजों की खूब खरीदारी हुई। शनिवार को भी सुबह से ही दुकानों पर भीड़ लगी रही। राखी के साथ ही मिठाई की दुकानों पर खूब ग्राहक उमड़े। पूजन और भाइयों को खिलाने के लिए महिलाओं ने मिठाई खरीदी।