पंजाब के युवकों का जंक्शन पर उत्पात
जागरण संवाददाता, बरेली : नशे में धुत पंजाब के युवकों ने आधी रात को जंक्शन पर उत्पात मचाया। यात्रियों
जागरण संवाददाता, बरेली : नशे में धुत पंजाब के युवकों ने आधी रात को जंक्शन पर उत्पात मचाया। यात्रियों से बदतमीजी कर हंगामा करने लगे। इससे प्लेटफार्म एक पर भीड़ इकट्ठा हो गई। यात्रियों की शिकायत पर आरपीएफ ने हंगामा कर रहे युवकों को हिरासत में लिया।
पंजाब के जालंधर निवासी नवजोत सिंह बुधवार को अपने दोस्त इकबाल के साथ बरेली रिश्तेदारी में आया था। लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस से वापस जाने के लिए जंक्शन पहुंचे। आरोप है कि नशे की हालत में होने के कारण यात्रियों से उलझने लगे। जमकर उत्पात मचाया। पहले सरकुलेटिंग एरिया में यात्रियों से बदतमीजी की। इसके बाद प्लेटफार्म एक पर काफी देर तक हंगामा करते रहे। यात्रियों ने विरोध किया तो उनसे अभद्रता की। इस पर यात्रियों ने स्टेशन मास्टर से शिकायत की। स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ को बुलाया। आरपीएफ जवानों ने दोनों को हिरासत में ले लिया। सेना में रिटायर्ड कर्नल के पुत्र नवजोत सिंह ने जवानों पर रौब झाड़ने की कोशिश की लेकिन उन्होंने एक न सुनी। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके बाद गुरुवार सुबह मजिस्ट्रेट बलराज सिंह के समक्ष पेश किया गया। मजिस्ट्रेट ने जुर्माना वसूल किया है। आरपीएफ के मुताबिक दोनों ने जंक्शन के एक ढाबे पर शराब पी। नशा चढ़ जाने पर हंगामा करने लगे।