मॉडल टाउन गुरुद्वारे में सजा मुख्य दीवान
जागरण संवाददाता, बरेली: मॉडल टाउन गुरुद्वारे में सोमवार को मुख्य दीवान सजा। इसका आयोजन गुरु ग्रंथ साहिब के 410वां पहिला प्रकाश पुरब के कार्यक्रम की कड़ी में हुआ। इसमें बाहर से आए रागी जत्थों ने शबद गायन कर संगत को निहाल किया। दीवान की समाप्ति के बाद गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया।
गुरुद्वारे में मुख्य दीवान के कार्यक्रमों की शुरुआत सोमवार सुबह 3.30 बजे अमृत बेला में हुई। चार बजे से सुखमनी साहिब के पाठ में कई संगत भी मौजूद रही। फिर नितनेम और हजूरी रागी जत्था सतवंत सिंह ने आसा की वार कीर्तन किया। तरन तारन साहिब से आए कथावाचक हरजिंदर सिंह सबरा ने गुरु ग्रंथ साहिब के बारे में बताया। उन्होंने संगत से गुरू ग्रंथ साहिब के बताए मार्ग पर चलने को कहा। फिर दरबार साहिब से आए हजूरी रागी जत्था सरबजीत सिंह ने शबद गायन कर संगत को आनंदित किया। सुबह 10.45 बजे अरदास से कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद शाम को 6.45 बजे रहिरास साहिब के पाठ से एक बार फिर से कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसका मुख्य आकर्षण बच्चों की कविता, गुरवाणी कंठ, हुकुमनामा और पगड़ी बांधने की विभिन्न प्रतियोगिताएं रही, जिसमें समाज के बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। रात 11.30 बजे अरदास से मुख्य दीवान के कार्यक्रम का समापन हुआ।