बिजली लोगों पर बरसीं पुलिस की लाठियां
जागरण संवाददाता, बरेली : बिजली कटौती से शहर में बबाल हो गया। पूरे दिन प्रदर्शन होने के बावजूद सुधार नहीं हुई तो लोग उग्र हो गए। रात को कोहाड़ापीर उपकेंद्र के बाहर जमकर बवाल हुआ। भीड़ ने रोड जाम कर दिया। हटाने की कोशिश की तो हंगामा कर रहे लोग पुलिस से भिड़ गए। धक्का-मुक्की होने पर पुलिस ने लाठियां चलाकर लोगों को सड़क से हटा दिया।
शहर में बड़ा बाईपास की सौगात से पहले लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है। बुधवार को सात उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप रही, जबकि डीएम ने सिर्फ दो शिफ्ट की कटौती के निर्देश दिए थे। सुबह आठ बजे से 132 केवी सब स्टेशन की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे शहर के कुतुबखाना, शहदाना, रामपुर गार्डन, कैंट, जगतपुर, सिविल लाइंस एक और दो समेत सभी स्पेशल फीडर की आपूर्ति बंद हो गई। पूर्वान्ह 11 बजे सप्लाई चालू हुई, लेकिन 10 मिनट की आपूर्ति के बाद फिर से कटौती शुरू हो गई।
आक्रोशित जनता ने घेरा शाहदाना उपकेंद्र
पूरे दिन बिजली नहीं होने से गुस्साए शाहदाना क्षेत्र के माधोबाड़ी, कांकरटोला, कटकुईया आदि मुहल्ले के लोगों ने उपकेंद्र घेर लिया। कर्मचारियों ने
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से बिजली आने का समय पूछा। उन्होंने कहा कि लाइन की मरम्मत चल रही है। जल्द ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। इसके बाद उन्होंने लोगों के ही सामने लाइन का ट्रायल लिया। फिर से धमाका होते ही बिजली आते ही गुल हो गई। इस पर लोग शांत होकर अपने अपने घरों को वापस लौट गए।
मॉडल टाउन में फिर लगा जाम
मॉडल टाउन में बुधवार शाम फिर से ट्रांसफार्मर में खराबी आई। इससे आक्रोशित लोगों ने इंदिरा पार्क के पास जाम लगा दिया। उन्होंने बताया कि यह ट्रांसफार्मर 24 घंटे पहले ही लगा है। दिन में फिर खराब हो गया। इससे दिन में जितनी देर भी बिजली आई। वह भी लोगों को नहीं मिल सकी। उन्होंने अधिकारियों को फोन कर पूरा मामला बताया, तो उन्होंने जल्द ही दिखवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही लोग शांत हुए।
कोट में बिजली नहीं आने पर भड़के लोग
132 केवी सब स्टेशन में फाल्ट से मुहल्ला कोट में भी पूरे दिन बिजली की समस्या रही। इससे आक्रोशित लोगों ने रात नौ बजे क्षेत्र में सड़क जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। जमकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस बीच बिजली आ जाने पर शांत हुए। जाम खोलकर अपने अपने घरों को वापस गए।
देर शाम ठप हुए दो सब स्टेशन
दोहना से आ रही 33 केवी लाइन एक बार फिर से लोगों के लिए सिरदर्द बनी। इससे बुधवार शाम कोहाड़ापीर और डीडीपुरम उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति फिर से ठप हो गई। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि शाम छह बजे से शहर में बिजली गुल हुई। कई बार फोन किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बिजली अधिकारियों ने बताया कि लाइन में फाल्ट देर शाम 7.30 बजे आया। इसके बाद कर्मचारियों को लाइन की पेट्रोलिंग को निर्देशित किया, लेकिन रात साढ़े दस बजे तक लाइन में आए फाल्ट को ढूंढा नहीं जा सका। इससे क्षेत्र में बिजली संकट गहरा गया।
यह क्षेत्र रहे प्रभावित
डीडीपुरम, मॉडल टाउन, कीर्ति नगर, संजय नगर, दुर्गानगर, हजियापुर, माधोबाड़ी, नई बस्ती, भूड़, जाटवपुरा, वानखाना, प्रेमनगर, जोशी मुहल्ला, कानून गोयान, कोहाड़ापीर, गांधीपुरम आदि।
बिजली संकट पर धरना आज
जनशक्ति एकता पार्टी ने शहर में चल रहे बिजली संकट के खिलाफ गुरूवार को धरना देने की चेतावनी दी है। जिला संयोजक अंजुम बेग ने बताया कि यह धरना चौकी चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा पर दिया जाएगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय रोहताश कुमार और उपाध्यक्ष विनीत सक्सेना मौजूद रहेंगे।