Move to Jagran APP

नई जिम्मेदारी निभाने कूच कर गए जिले के नेता

By Edited By: Published: Sun, 20 Apr 2014 01:01 AM (IST)Updated: Sun, 20 Apr 2014 01:01 AM (IST)
नई जिम्मेदारी निभाने कूच कर गए जिले के नेता

जागरण संवाददाता, बरेली : मंडल का चुनाव निपटने के बाद अब विभिन्न दलों के पदाधिकारी अगले चरणों में होने वाले चुनाव के लिए तैयार हो गए हैं। सभी दलों ने अपने पदाधिकारियों की ड्यूटी अगले चरणों के चुनाव प्रचार में लगा दी है।

loksabha election banner

आजमगढ़ गए वीरपाल सिंह

सपा जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव की ड्यूटी मुलायम सिंह के चुनाव क्षेत्र आजमगढ़ में लगाई गई है। शनिवार सुबह वह रवाना हो गए। उन्होंने फोन पर बताया कि पार्टी की ओर से उन्हें आजमगढ़ में एक विधानसभा क्षेत्र में चुनाव की कमान संभालने का निर्देश दिया गया है। चुनाव प्रचार खत्म होने तक वह वहीं रहेंगे और पार्टी की नीतियों का प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि बरेली के विधायकों सहित अन्य पदाधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई जा रही है। किसी को फिरोजाबाद जाना है तो किसी को कन्नौज भेजा जा रहा है।

उत्तराखंड जाएंगे बसपा के पदाधिकारी

बसपा हाईकमान की ओर से भी बरेली मंडल के सभी जिले की कमेटियों के पदाधिकारियों और मुख्य कार्यकर्ताओं को चुनाव ड्यूटी पर लगाया गया है। मंडल कोआर्डिनेटर ब्रह्मस्वरूप सागर ने बताया कि बदायूं और शाहजहांपुर के पदाधिकारियों को बाराबंकी, बहराइच, जौनपुर, मछलीशहर समेत अन्य स्थानों पर भेजा जा रहा है। इसी तरह वह खुद, बरेली और पीलीभीत के पदाधिकारियों के साथ उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में चुनाव कराने जाएंगे।

पार्टी मैनेजमेंट संभालेंगे भाजपाई

भाजपा पार्टी हाईकमान ने शहर के भाजपाइयों को लखनऊ बुलाया है। यह जानकारी महानगर अध्यक्ष पुष्पेन्दु शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि उनके अलावा, जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, शिवलोचन उपाध्याय, अधीर सक्सेना, मनोज थपलियाल को भी लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय बुलाया गया है। इसमें युवा मोर्चा के अध्यक्ष के नाम भी संभावित है। उन्होंने बताया कि सभी लोग सोमवार को लखनऊ रवाना होंगे। आगे उन्हें क्या और कहां काम करना है? इसकी जानकारी कार्यालय से ही मिलेगी।

तीन सीटों पर प्रचार को जाएंगे कांग्रेसी

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की ओर से जिलाध्यक्ष रामदेव पांडेय और महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम मियां को चुनाव प्रचार में जाने का निर्देश दिया गया है। इन दोनों को लखनऊ, धौरेहरा और फैजाबाद जाने का आदेश है। रामदेव ने कहा कि पार्टी ने तीन लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार में जाने का निर्देश दिया है। इसके लिए वे दोनों लोग रविवार या सोमवार को लखनऊ निकल जाएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.