गोविंदा मटकी फोड़ का होगा आयोजन
बाराबंकी : जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर व ग्रामीण अंचल में तैयारियां तेज हो गई है। एक से बढ़कर एक आकर्षक झांकी सजाने का कार्य अंतिम चरण में है।
जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर शहर के धनोखर चौराहे पर गोविंदा मटकी फोड़ का आयोजन रविवार को किया जाएगा। जानकारी आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष व आयोजक राजीव गुप्ता बब्बी ने दी। कस्बा सुढि़यामऊ में जन्माष्टमी पर्व पर विविध आयोजन होंगे। जानकारी मंसाराम जायसवाल ने दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मेला भी आयोजित किया जाएगा। शहर के पुलिस लाइन परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आकर्षक झांकी सजाने का कार्य शुरू हो चुका है। यहां पर आकर्षक झांकी सजाने में कलाकार लगे हुए है। यहां पर कारागार में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म, गोवर्धन पर्वत को उठाना, यमुना नदी में कालिया नाग के ऊपर भगवान श्रीकृष्ण का गेंद लेकर नाचना, ग्वाल बाल के साथ खेलने की आकर्षक झांकी सजाने का कार्य किया जा रहा है।
घरों में झांकी सजाने के लिए बिक रही मूर्तियां : पर्व को मनाने के लिए घरों में भी झांकी सजाने का कार्य भक्तों की ओर से किया जा रहा है। बाजार से सजावट का सामान खरीदने के लिए महिलाओं, बच्चों, पुरूषों की लगी हुई है। व्रत का सामान खरीदने के लिए लोगो की भीड़ किराने व फलों की दुकानों पर लग रही है।