मेस के आटे में निकला मरा चूहा
बांदा, जागरण संवाददाता : कृषि विश्वविद्यालय के हास्टल की मेस में खाना बनाते समय आटे में मरा हुआ चूहा
बांदा, जागरण संवाददाता : कृषि विश्वविद्यालय के हास्टल की मेस में खाना बनाते समय आटे में मरा हुआ चूहा मिलने से बुरी तरह से हड़कंप मच गया। वहां पहुंचे विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने जल्द ही इसकी सूचना प्रशासन को दी। जांच को पहुंचे फूड इंस्पेक्टर सत्यनारायण पांडे ने आटे को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जाता है कि उक्त आटा रायबरेली की एक कंपनी का है जिसे बांदा के बाजार से ही खरीदा गया था। बताया जाता है कि रोजाना की तरह आज दोपहर करीब सवा 12 बजे कृषि विश्वविद्यालय परिसर में बने हास्टल की मेस में छात्रों के लिए खाना बन रहा था। इस दौरान कई छात्र भी वहां मौजूद थे और काम में हाथ बटा रहे थे। बाजार से आई आटे की बोरी खोलकर आटा निकाला गया तो उसमें एक बड़ा मरा हुआ चूहा पड़ा दिखाई दिया। छात्रों और कर्मचारियों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल ही इसकी जानकारी हास्टल के ठेकेदार ने वहां के वार्डन डा. ओमप्रकाश को फोन करके दी। इसके बाद हास्टल के सहा अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. एसवी द्विवेदी को भी स्थिति से अवगत कराया गया। सूचना पाकर विश्वविद्यालय के कुल सचिव देवीदास भी वहां पहुंचे। अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद नगर मजिस्ट्रेट को मामले की जानकारी दी। तत्काल ही फूड इंस्पेक्टर सत्यनरायण पांडे को मौके पर भेजा गया। जांच के बाद फूड इंस्पेक्टर श्री पांडे ने ने आटे को खराब पाते हुए जब्त कर लिया। साथ ही आटा बनाने वाली कंपनी और बांदा में कंपनी के डीलर से पूछताछ करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जाता है कि इसी कंपनी का आटा लंबे समय से मेस को सप्लाई हो रहा है। फूड इंस्पेक्टर श्री पांडे ने बताया कि जल्द ही जांच के बाद आटा मिल मालिक, लोकल डीलर और कुछ अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर लिखाने की कार्रवाई की जाएगी।