घूंघट की ओट से मारी वोट की चोट
बांदा, जागरण संवाददाता : प्रथम चरण के मतदान के दौरान महिला वोटरों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देख
बांदा, जागरण संवाददाता : प्रथम चरण के मतदान के दौरान महिला वोटरों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। महिलाओं ने चूल्हा चौका छोड़कर घूंघट की ओट से वोट की चोट की। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही वोट डालने वालों की लंबी लाइनें लगी रहीं। हांलाकि दोपहर के समय कुछ देर के लिए भीड़ कम हुई लेकिन शाम को फिर लोग उमड़ने लगे। कई मतदान केंद्रों पर दोपहर 1 बजे तक 40 फीसदी से ऊपर मतदान हो चुका था। ग्राम पंचायत के चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया। पुरुष हो या महिला मतदाता सभी 8 से 10 लोगों के समूह में वोट डालने के लिए आ रहे थे। मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह था। घर से मतदान केंद्र तक वोटरों की जुबान पर प्रत्याशियों को लेकर चर्चा थी। मतदान केंद्रों पर भीड़भाड़ अधिक होने के कारण लोगो को अपनी बारी का घंटो इंतजार करना पड़ा। लेकिन उनके चेहरे पर कोई सिकन नहीं थी। इस चुनाव में महिला वोटर भी चूल्हा चौका छोड़कर सुबह से ही मतदान करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच गई। साठ फीसदी महिलाएं घूंघट डाले हुए थी। लाख कहने के बाद भी उन्होंने अपना घूंघट नहीं हटाया। बड़ोखर ब्लाक के मतदान केंद्र कुरौली में घूंघट हटाने को कहने पर एक महिला ने तपाक से जबाब दिया कि सामू चचिया ससुर आए खडे़ हैं। कसत घूंघट हटा लेव। मतदान केंद्र महोखर में महिलाओं की खासी भीड़भाड़ थी। यहां पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं ज्यादा नजर आ रही थी। यहां दो बजे तक 45 फीसदी मतदान हो चुका था। मतदान केंद्र पर वोट डालनें वालों की लाइन लगी रही।