गैस सिलेंडर से आग भड़की, चार झुलसे
बांदा, अतर्रा/जागरण संवाददाता : गैस सिलेंडर से मकान में आग फैल गई। लपटों की चपेट में आकर दंपति समेत चार लोग झुलस गये। मकान व गृहस्थी का सामान भी धूंधूं कर जल गया। पड़ोसियों की मदद से दो घंटे में आग काबू हो सकी। झुलसे लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नगनेधी बान बाबा का पुरवा निवासी अजय कुमार की पत्नी बबली (25) शनिवार रात घर में गैस से खाना बना रही थी। यकायक सिलेंडर खत्म होने से दूसरा सिलेंडर बदला गया था। सिलेंडर से गैस रिसने पर अलमारी में रखे चिराग से आग लग गई। देखते ही देखते आग घर में चारों तरफ फैल गई। महिला के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने जब तक आग बुझाने का प्रयास किया। लपटों ने छप्पर को चपेट में ले लिया। इस बीच वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह जलता सिलेंडर बाहर ले जाकर फेंक दिया। मकान धूंधूंकर जलने से अफरातफरी मच गई। आग की चपेट में आकर बबली के साथ उसका पति अजय (28), भतीजा योगेंद्र (17) व चचेरा भाई अरूण कुमार (58) झुलस गये। झुलसे लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झुलसे अजय ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से किसी तरह दो घंटे बाद आग काबू पर काबू पाया गया। पुलिस मौके पर पहुंची पर दमकल कर्मियों को पहुंचने में काफी देरी हुई है। सिलेंडर का वासर खराब होने से हादसा हुआ है। इसमें तकरीबन 50 हजार का अर्थिक नुकसान भी हुआ है।