सड़क पर उतरकर छात्राओं का प्रदर्शन
बलरामपुर : बलरामपुर बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने गर्ल्स कॉलेज मार्ग जाम कर नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। मार्ग किनारे नगर पालिका द्वारा कूड़ा एकत्र किए जाने से आक्रोशित छात्राओं ने एक सप्ताह की चेतावनी दी है। बालिका इंटर कॉलेज के मुख्य मार्ग के किनारे व विद्यालय के निकट नगरपालिका कर्मियों द्वारा कूड़ा एकत्र किया जाता है। कूड़ा एकत्र होने से स्कूल के आसपास गंदगी फैली है। छात्राओं व शिक्षकों को आवागमन में दिक्कतों के साथ पठन-पाठन में भी दुर्गध के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को लेकर शनिवार को छात्राओं का अक्रोश भड़क उठा। छात्राओं ने विद्यालय गेट के सामने सड़क जाम कर नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। छात्राओं के साथ शिक्षक व शिक्षिकाएं भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं। इस मौके पर प्रदर्शनकारी छात्राओं ने चेतावनी दी है कि यदि कूड़ा एकत्र करना नहीं बंद किया गया तो एक सप्ताह बाद जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में मुस्तकीम खां, ऊषा श्रीवास्तव, अन्नपूर्णा, शैलबाला सिंह, अविनाश मिश्र, मुधकर सिंह, शिव कुमारी, छात्रा शबनम, नाबिया, परीन, जैनक एजाज, सना, शीबा, समर, शहज, रमजानी, नगमा, शकीना, फरीदा समेत बड़ी संख्या में छात्राएं शमिल रहीं। दूसरी तरफ चेयरमैन इशरत जमाल का कहना है कि पजौव्वा तालाब के पास कूड़ा एकत्र किया जाता है। वर्तमान में तालाब किनारे नाली व मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। इसलिए अस्थाई रूप में कॉलेज मार्ग पर कूड़ा एकत्र किया जाता है, लेकिन कूड़ा का उठान नियमित पालिका कर्मी करते हैं। मार्ग का निर्माण पूरा होते ही कूड़ा पुन: तालाब के निकट एकत्र किया जाएगा।