मौसम के बदले मिजाज ने किसानों को फिर डराया
बाराबंकी: मौसम के बदले मिजाज ने किसानों को एक बार फिर डरा दिया। ठंड भी बढ़ गई। लोग कांप उठे। न्यूनत
बाराबंकी: मौसम के बदले मिजाज ने किसानों को एक बार फिर डरा दिया। ठंड भी बढ़ गई। लोग कांप उठे। न्यूनतम तापमान 9.8 मापा गया। कई जगह हल्की बरसात भी हुई।
रविवार को सुबह से ही हवा के झोकों के साथ बदली छाई रही। इससे ठंड बढ़ गई। लोग फिर से स्वेटर, मफलर, जाकेट आदि पहनकर घरों से निकले।
मौजूदा समय सरसो की फसल खेतों में तैयार हो गई है। कुछ किसान फसल काटकर उसे तैयार करने के काम में भी जुटे हैं। ऐसे में मौसम खराब देख जिन किसानों की सरसो की फसल खलिहान में पड़ी थी वह उसे तैयार करते दिखाई दिए। तेज हवा के झोकों के साथ हुई बरसात में सरसो की तैयार फसल कई खेतों में गिर गई।
चांदूपुर के किसान अयोध्या प्रसाद का कहना है कि बरसात के कारण खेतों में सरसो गिर गई है यदि और ज्यादा बरसात हो गई तो सरसो की फसल को तैयार करने में काफी दिक्कत होगी। ओलावृष्टि होने पर फसल को खेत से खलिहान तक लाना भी मुश्किल हो जाएगा।
कृषक अनिल कुमार का कहना है कि हल्की बरसात व ठंड गेहूं की फसल के लिए लाभकारी है। ठंड कम होने के कारण इस बार गेहूं की फसल विकसित नहीं हुई है। एक-डेढ़ फिट के पौधे में भी छोटी-छोटी बालियां निकलने लगी हैं जिन्हें देखकर अच्छी पैदावार की कल्पना नहीं की जा सकती।