द्वितीय चरण चुनाव के लिए आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
बलरामपुर : प्रधान व सदस्य ग्राम पंचायत के द्वितीय चरण चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां 30 नंवबर को मतद
बलरामपुर : प्रधान व सदस्य ग्राम पंचायत के द्वितीय चरण चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां 30 नंवबर को मतदान स्थल के लिए रवाना की जाएंगी। विकास खंड तुलसीपुर की पोलिंग पार्टियां मंडी समिति व हरैय्यासतघरवा की पोलिंग पार्टियां राम लाल मोहन लाला इंटर कॉलेज शिवपुरा से सुबह आठ बजे रवाना की जाएंगी। द्वितीय चरण के मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। विकास खंड तुलसीपुर में प्रधान के 101 पद हैं। इसके सापेक्ष नौ सौ प्रत्याशी मैदान में हैं। इसी तरह सदस्य ग्राम पंचायत के 1301 पद हैं। सदस्य पद के लिए 1512 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां 1,89,047 मतदाता हैं। विकास खंड हरैय्यासतघरवा में प्रधान के 110 पद हैं। यहां प्रधान पद के लिए 857 प्रत्याशी मैदान में हैं। सदस्य ग्राम पंचायत के 1380 पद हैं। इनके सापेक्ष 1455 प्रत्याशी हैं। इन प्रत्याशियों को 1,91,410 मतदाता वोट देंगे। मतदान एक दिसंबर को सुबह सात बजे से अपराह्न 4.30 बजे तक होगा। जिला प्रशासन ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली है। जिला निर्वाचन अधिकारी, जिलाधिकारी प्रीति शुक्ला ने बताया कि मतदान केंद्रों पर प्रकाश आदि की सुदृढ़ व्यवस्था के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। बूथ निर्माण में भी सुधार के निर्देश दिए गए हैं। प्रधान व सदस्य ग्राम पंचायत के चुनाव में सशस्त्र सुरक्षा बल के साथ-साथ अर्द्धसैनिक बल की भी तैनाती की जाएगी। मतदाता निडर होकर मतदान करें।
71 मतदान कर्मियों के खिलाफ दर्ज होगी रिपोर्ट :
बलरामपुर : विकास खंड तुलसीपुर व हरैय्यासतघरवा में प्रधान एवं सदस्य ग्राम पंचायत के लिए एक नवंबर को मतदान होगा। सकुशल मतदान के लिए तैनात किए कर्मचारियों को रविवार को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में अनुपस्थित 71 मतदान कर्मियों के खिलाफ संबंधित ब्लॉक निर्वाचन अधिकारियों को रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिया है। ब्लॉक निर्वाचन अधिकारियों ने संबंधित थानों को तहरीर दे दी है। विकास खंड तुलसीपुर के मतदान कर्मियों को स्थानीय मंडी समिति परिसर में प्रशिक्षण दिया गया। ब्लॉक हरैय्यासतघरवा के मतदान कर्मियों को राम लाल मोहन लाल इंटर कॉलेज शिवपुरा में वोटिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां व अमिट स्याही लगाने का तरीका बतया गया। मतदान कर्मियों को मतपेटी शील व खोलने के बारे में भी बताया गया। प्रशिक्षक वीके श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों विकास खंड में 71 मतदान कर्मी प्रशिक्षण में भाग नहीं लिए। इसमें पीठासीन अधिकारी 19, मतदान अधिकारी 22, मतदान अधिकारी द्वितीय 19 व मतदान अधिकारी तृतीय 11 अनुपस्थित रहे। उपरोक्त सभी लोगों के खिलाफ ब्लॉक निर्वाचन अधिकारियों ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर संबंधित थानों में दी है। तुलसीपुर में 255 व हरैय्यासतघरवा में 276 पोलिंग पार्टियां मतदान में लगाई गई हैं।