झारखंडी मंदिर से निकला रामनवमी जुलूस
बलरामपुर : भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव परंपरा व उल्लास के बीच धूमधाम से मनाया गया। नगर के झारखंडी मंद
बलरामपुर : भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव परंपरा व उल्लास के बीच धूमधाम से मनाया गया। नगर के झारखंडी मंदिर से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की शोभायात्रा (रामनवमी जुलूस) निकाली गई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो पर भ्रमण करते हुए वीर विनय चौराहा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर पर समाप्त हो गई।
झारखंडी मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता व राम भक्त हनुमान की शोभा यात्रा का शुभारंभ श्रावस्ती से भाजपा सांसद दद्दन मिश्र ने आरती व पूजन करके किया। अयोध्या धाम के लाल प्रभू राम की भक्ती में लीन श्रद्धालु रामधुन पर खूब झूमे। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्र ने शोभायात्रा में शामिल अतिथियों का स्वागत रामनामी गमछा भेंट कर किया। शोभायात्रा के साथ पूर्व मंत्री हनुमंत सिंह, परमजीत सिंह, अंगद, छोटू शुक्ल, जेपी मिश्र, बाबूलाल, अजय कसेरा, कल्लू, राजन पांडेय, आशुतोष सहित अन्य लोग चल रहे थे। शोभायात्रा वीर विनय चौराहा, सरायफाटक, गर्ल्स कॉलेज चौराहा, देवी दयाल तिराहा, बड़ा पुल होते हुए हनुमान गढ़ी मंदिर पहुंची। मंदिर में पूजन अर्चन के पश्चात शोभायात्रा समाप्त हो गई। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
उतरौला संवादसूत्र के अनुसार
भए प्रकट कृपाला दीन दयाला कौशल्या हितकारी की वंदना के साथ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जन्म प्रमुख मंदिरों में मनाया गया। चैत्र नवमी को भगवान श्रीराम का जन्म दिवस मनाने की परंपरा क्षेत्र भर में अरसे से रही है। श्री हनुमानगढ़ी मंदिर, पंचवटी राधाकृष्ण मंदिर, राम जानकी मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों में श्रीराम जी का जन्म दिन मनाया गया।
--------
-निकली साईनाथ की शोभायात्रा
बलरामपुर : शनिवार को ही नगर के वीर विनय चौराहा के निकट स्थित साईनाथ मंदिर से साईनाथ की शोभायात्रा गाजे बाजे के साथ निकाली गई। साई नाथ की शोभायात्रा में सपा जिलाध्यक्ष ओंकार नाथ पटेल, व्यापारी नेता संजय शर्मा, राजकुमार गुप्त, प्रशांत आदि लोग शामिल हुए। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गो पर भ्रमण कर साई नाथ मंदिर पहुंचकर समाप्त हो गई। शोभायात्रा का जगह-जगह भक्तों ने स्वागत किया।