चीनी मिल प्रबंधन की हड़ताल समाप्त, बुलाए गए कर्मी
बलरामपुर : किसानों के बकाया गन्ना मूल्य को लेकर सरकार की सख्ती से नाराज चीनी मिल प्रबंधन की गत 16 सि
बलरामपुर : किसानों के बकाया गन्ना मूल्य को लेकर सरकार की सख्ती से नाराज चीनी मिल प्रबंधन की गत 16 सितंबर से चल रही हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गई। प्रबंधन का दावा है कि वार्ता में सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिला है। इसलिए हड़ताल समाप्त करते हुए कर्मचारियों को वापस बुला लिया गया है। दीवाली पूर्व इस फैसले से मजदूर नेता व कर्मचारियों ने हर्ष जताया है।
बता दें कि चीनी मिलों पर किसानों का करोड़ों रुपये बकाया था। भुगतान न होने पर सरकार के निर्देश पर प्रशासन की ओर से भुगतान के लिए चीनी, शीरा आदि जब्ती की कार्रवाई भी की जा रही थी। इससे नाराज होकर मिल प्रबंधन ने 16 सितंबर से हड़ताल घोषित करते हुए अधिकांश कर्मचारियों को छुट्टी दे दी थी। बलरामपुर चीनी मिल के अधिशासी अध्यक्ष नरेश कुमार खेतान ने बताया कि सरकार से सकारात्मक बातचीत के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है। कर्मचारियों को बुलावा भेज दिया गया है। अगले माह से मिल चालू करने की घोषणा जल्द की जाएगी। इधर, हड़ताल समाप्त होने पर मजदूर नेता तीरथराम शुक्ला, बालकराम यादव, शिवबक्श सिंह, बैरिस्टर सिंह, मंगल प्रसाद व संजय तिवारी आदि ने हर्ष जताया है। कहा कि दीवाली के एक दिन पूर्व हुई हड़ताल समाप्त करने की घोषणा से कर्मचारी व उनके परिवारों में हर्ष है।