गिरफ्तारी के लिए बौद्ध परिपथ जामकर प्रदर्शन
बलरामपुर : भ्रष्टाचार विरोधी सेना के प्रदेश अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह की हत्या के शेष आरोपियों की गि
बलरामपुर : भ्रष्टाचार विरोधी सेना के प्रदेश अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह की हत्या के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को एक बार फिर परिजनों की अगुवाई में ग्रामीणों ने बौद्ध परिपथ जामकर प्रदर्शन किया।
बता दें कि गत 12 अक्टूबर की रात लगभग साढ़े सात बजे नगर के सिविल लाइन मोहल्ले में उमेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना में मृतक की पत्नी ममता सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बलरामपुर देहात के ग्राम प्रधान विष्णु चौहान, उसके भाई रघुराज व एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया। मामले का राजफाश करते हुए प्रधान को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नाराज परिजनों के साथ ग्रामीण सोमवार को पूर्वाह्न लगभग 11 बजे कालीथान गांव मोड़ पर बौद्ध परिपथ को जाम कर दिया। घटना की सीबीआइ जांच हो, उमेश को भी मार दिया अब किसकी बारी है, खुलेआम घूम रहे हत्यारे पुलिस मौन आदि स्लोगन लिखे नारे लिए प्रदर्शनकारी आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे सीओ सदर श्रीश्चंद्र व नगर कोतवाल राजकुमार यादव, देहात थानाध्यक्ष उमाशंकर यादव, गौरा चौराहा थानाध्यक्ष मनोज यादव ने परिजनों को समझाया। सीओ ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जाएगी। सीओ के आश्वासन के बाद लगभग तीन घंटे बाद लोग शांत हुआ और आवागमन सुचारू हो सका।
-लखनऊ में भर्ती है रघुराज!
उमेश हत्याकांड का एक अन्य आरोपी रघुराज लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती है। बलरामपुर जिला अस्पताल से सात अक्टूबर को रेफर होकर लखनऊ के बलरामपुर में आठ अक्टूबर से भर्ती होने की जानकारी पुलिस को मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक लालसाहब यादव ने कहा कि एक आरोपी के भर्ती होने की सूचना मिली है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।