ग्रामीणों में तेंदुए की खौफ बरकरार
बलरामपुर : हरैय्या सतघरवा थाना क्षेत्र के जंगलवर्ती गांवों में शनिवार की रात तेंदुए नहीं दिखा लेकिन ग्रामीणों में उसका खौफ बरकरार है। बता दें कि जंगल से सटे गांवों में पिछले एक पखवारे से तेंदुए का आंतक लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। तेंदुआ अब तक दो बालिकाओं व एक दर्जन से अधिक जानवरों को अपना निवाला बना चुका है। दो दिन पूर्व ही वह दिन में प्राथमिक स्कूल में घुस आया था। शुक्रवार की रात रमवापुर रवतार व इमलिहवा गांव में पालतू कुत्ते को तेंदुए ने अपना निवाला बनाया था। इसके बाद वह बहाऊपुरवा में राम बरन के बछड़े को व सेमरापुरवा में एक और कुत्ते को अपना निवाला बना लिया था। शनिवार की रात तेंदुआ गावों में तो नहीं दिखा लेकिन ग्रामीण उसकी आहट रात भर लेते रहे। तेंदुए का आतंक ग्रामीणों पर दिख रहा है। रेंजर राजेश निगम ने बताया कि कुकुरभुकवा व दर्जीनियां गांव में तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगा है, लेकिन तेंदुआ उस तक नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि गांवों में लोगों को सर्तक रहने की हिदायत दी गई है।