झोलाछाप डाक्टर की सूई से किशोर की मौत
दुबे छपरा (बलिया) : रेवती थाना क्षेत्र के पचरूखिया ढाले पर शुक्रवार की शाम को झोलाछाप चिकित्सक के सू
दुबे छपरा (बलिया) : रेवती थाना क्षेत्र के पचरूखिया ढाले पर शुक्रवार की शाम को झोलाछाप चिकित्सक के सूई लगाने से बैरिया थाना क्षेत्र के नवकागांव निवासी अनीश ठाकुर (14) की मौत हो गई। किशोर अपने ननिहाल मझौवा में रहता था। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चिकित्सक के मेडिकल स्टोर पर जमकर तोड़फोड़ की। इससे अफरा-तफरी का महौल बना रहा। पुलिस ने किसी तरह से स्थिति को नियंत्रित किया। किशोर को बुखार की शिकायत पर उसके रिश्तेदार पचरूखिया ढा़ला स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक झोलाछाप चिकित्सक के यहां ले आए। चिकित्सक ने युवक को एक इंजेक्शन दिया, जिसके कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत खराब हो गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता उसकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही गांव के लोग आक्रोशित हो गए और किशोर के शव के साथ पचरूखिया ढाले पर आ गए। मेडिकल स्टोर के सामने शव रख जमकर तोड़फोड़ की। घटना की जानकारी होने पर वह तथाकथित चिकित्सक मौके से फरार हो गया। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास करने में जुट गई। समाचार लिखे जाने तक तनाव बना हुआ था।