चैनपुर में मनबढ़ों ने मठ में किया हंगामा
बिल्थरारोड (बलिया): उभांव थाना के चैनपुर गुलौरा गांव स्थित अति प्राचीन राम जानकी कुटी मठ पर बुधवार द
बिल्थरारोड (बलिया): उभांव थाना के चैनपुर गुलौरा गांव स्थित अति प्राचीन राम जानकी कुटी मठ पर बुधवार देर शाम आरती के दौरान मनबढ़ों ने जमकर हंगामा किया। मंदिर में स्थापित भगवान की प्रतिमा को क्षति पहुंचाने का विरोध करने पर बदमाशों ने महंत बाबा बालक दास महाराज पर हथियार तान दिया और शिष्य आशुतोष गोंड (35) की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान हो हल्ला होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इससे पहले ही बदमाश भाग निकले। पूरा मसला मठ पर लगे लाउडस्पीकर बंद करने को बताया जा रहा है। इससे गांव में तनाव व्याप्त है। घटना के बाद अगले दिन अल सुबह चार बजे से ही गुलौरा, चैनपुर, मठिया, महुआतर व विशुनपुरा समेत आसपास के कई गांवों के सैकड़ों लोग इकट्ठा होने लगे। इसकी खबर पाते ही उभांव थानाध्यक्ष नन्हें राम सरोज दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। यहां पुलिस को भी जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ा। थानाध्यक्ष ने किसी तरह से मामले को शांत किया। साथ ही बदमाशों की जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
पुलिस को बताने वाले को पीटा
पुलिस अभी आरोपी को ढूंढ ही रही थी कि बदमाशों ने गुरुवार को सुबह 11 बजे विशुनपुरा गांव में पुलिस को घटना की जानकारी देने वाले शिक्षक अशोक यादव के पिता बाबू राम यादव (70) पर हमला कर दिया। इनका इलाज सीयर अस्पताल में चल रहा है।
रिपोर्ट दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
थानाध्यक्ष नन्हें राम सरोज ने बताया कि मठ के महंत की लिखित तहरीर पर धार्मिक उन्माद फैलाने व अन्य
संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही घटना के आरोपी तुफैल अहमद निवासी बिशुनपुरा को गिरफ्तार कर लिया गया है।