कड़े संघर्ष से ही फिर खड़ी होगी पार्टी
बलिया : कांग्रेस सदैव से जनता के करीब रहने वाली पार्टी है लेकिन आज कुछ फिरकापरस्त पैंतरेबाजों की वजह
बलिया : कांग्रेस सदैव से जनता के करीब रहने वाली पार्टी है लेकिन आज कुछ फिरकापरस्त पैंतरेबाजों की वजह से माहौल बदल गया है। ऐसे में इस तरह के माहौल से निपटने के लिए कार्यकर्ताओं से लेकर पदाधिकारियों तक को कड़े संघर्ष कर पार्टी को निचले स्तर से फिर खड़ा करना होगा। यह बातें शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी के स्वागत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि वरिष्ठ नेता डा. भोला पांडेय ने कहीं।
कहा कि कार्यकर्ताओं को घबराने की नहीं बल्कि सब्जबाग दिखाने वालों के प्रति आमजन को जागरूक करने की जरूरत है। इस दौरान पदाधिकारियों ने नेताजी सुभाष चंद बोस की जयंती पर उनको श्रद्धा सुमन अर्पित किया। विशिष्ट अतिथि कमलेश सिंह ने कहा कि समय-समय पर पहले भी ऐसी सरकारें बनीं जिसका परिणाम जनता को आरक्षण, सांप्रदायिक दंगे व आर्थिक बदहाली को झेलना पड़ा है।
ऐसे में जनता को भी जागरूक होने की जरूरत है तभी भारत विश्व पटल पर परचम लहराएगा। कार्यक्रम में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सच्चिदानंद को पदाधिकारियों ने फूलमाला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। श्री तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जमीनी कार्यकर्ताओं को सदैव मान देने का काम किया है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बच्चा पाठक, दिग्विजय सिंह, रघुवर मिश्र, अवध बिहारी चौबे, यतेंद्र बहादुर सिंह, प्रदेश संगठनमंत्री राजीव उपाध्याय, शशिकांत त्रिपाठी आदि मौजूद थे। संचालन राजेंद्र चौधरी ने किया।