मौसम ने बदला करवट, हवा ने बढ़ाई मुश्किलें
बलिया : तकरीबन एक माह से शीतलहर व गलन भरी हवा से कांप रहे लोगों को अभी राहत मिलता दिखाई नहीं पड़ रहा
बलिया : तकरीबन एक माह से शीतलहर व गलन भरी हवा से कांप रहे लोगों को अभी राहत मिलता दिखाई नहीं पड़ रहा है। दो दिनों तक मौसम साफ होने के बाद शुक्रवार की शाम को एकाएक करवट बदल लिया। शुक्रवार की भोर में हल्की बूंदाबांदी के बाद दिन में धूप से लोगों को राहत मिली लेकिन दोपहर बाद आसमान में बदली आने व पछुआ हवा चलने से ठंड में इजाफा हो गया।
दो दिनों की कड़ी धूप के बाद लोग आश्वस्त होने लगे थे लेकिन हवा ने लोगों ने फिर बैकफुट पर कर दिया। भोर में जब लोगों की नींद खुली तो हल्की बूंदाबादी हो रही थी। कुछ देर बाद यह थम गया। समय बीतने के साथ ही आसमान साफ होता गया। कड़क धूप भी निकल आई। इससे लोगों को काफी राहत मिली। दोपहर बाद अचानक मौसम में बदलाव हुआ। आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया।
साथ ही तेज पछुआ हवा चलने लगी जिससे ठंड में अचानक बढ़ोत्तरी हो गई। मौसम देखने से अनुमान लगाया जा रहा है कि संभवत: बरसात होगी। लोग शरीर पर से उतारे ऊनी कपड़े फिर पहनने लगे। बिगड़ते मौसम को देख किसान अपनी फसल को लेकर चिंतित नजर आने लगे हैं। इस बरसात से सबसे अधिक नुकसान तिलहनी व दलहनी फसलों के होने की आशंका अनुमान है।