शिक्षा का स्तर बढ़ाएं, बच्चों को बनाएं सुयोग्य
बांसडीह रेवती (बलिया) : व्यक्ति का कर्तव्य निष्ठा उसे आगे ले जाती है, व्यक्ति वही बड़ा होगा जिसका मन
बांसडीह रेवती (बलिया) : व्यक्ति का कर्तव्य निष्ठा उसे आगे ले जाती है, व्यक्ति वही बड़ा होगा जिसका मन बड़ा होगा। यह बातें बांसडीह व रेवती में आयोजित प्राथमिक शिक्षा में सुधार व शिक्षा गुणवत्ता संवर्धन गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने कहीं।
कहा कि शिक्षकों में बच्चों के प्रति संवेदना होनी चाहिए, तभी बच्चों में शिक्षा का अलख जगाकर योग्य बनाया जा सकता है। इसके लिए आत्मबल की जरूरत है। इससे शिक्षक भी समाज में सम्मान के हकदार होंगे। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए एबीएसए अखिलेश कुमार झा ने कहा कि कहीं न कहीं हम अपने कर्तव्यों व जिम्मेदारियों से विमुख हुए हैं जिससे शिक्षा में गुणवत्ता की कमी आयी है।
तभी शासन द्वारा ऐसी संगोष्ठी जिले में हर ब्लाक में आयोजित करना पड़ रहा है। इस दौरान कई अध्यापकों ने भी संगोष्ठी को संबोधित किया। बीएसए को ब्लाक अध्यक्ष केके सिंह ने अंगवस्त्रम से सम्मानित किया। इस अवसर पर बालेश्वर वर्मा, आशुतोष तोमर, संतोष तिवारी, संतोष चौबे, बिहारी पांडेय आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह व संचालन शर्मानाथ यादव ने किया।
रेवती : शिक्षा उन्नयन गोष्ठी में बीएसए राकेश सिंह ने कहा कि हमारे परिषदीय विद्यालयों से ही देश के प्रतिभावान प्रतिष्ठित हुए हैं। तमाम प्रतिभावान इंजीनियरिंग, मेडिकल, आइएएस, पीसीएस यहीं से पढ़कर हासिल किए हैं। परिषदीय अध्यापकों के प्रयास से शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि से ऐसी संभावना सबके ज्यादा है। कहा कि स्कूल के प्रथम घंटे में उपचारात्मक शिक्षा की व्यवस्था है, इसमें कमजोर बच्चों को शिक्षा दी जाती है।
कहा कि वे परिषदीय अध्यापकों की समस्या का समाधान स्वयं करेंगे। इस मौके पर गिरीश चंद मिश्र, राजेश तिवारी, विश्वेश्वर मिश्र, जितेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता भगवती चौबे व संचालन अजीत सिंह ने किया। आभार एबीएसए अखिलेश झा ने व्यक्त किया।