गोदाम में लगी आग, लाखों की संपत्ति राख
चितबड़ागांव (बलिया) : कस्बे में स्थित एक टेंट की गोदाम में गुरुवार की देर रात करीब 11 बजे लगी आग में
चितबड़ागांव (बलिया) : कस्बे में स्थित एक टेंट की गोदाम में गुरुवार की देर रात करीब 11 बजे लगी आग में लगभग दस लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों के पांच घंटे के अथक प्रयास के बाद आग को काबू में किया। इसको लेकर अफरा-तफरी मची रही। टेंट की गोदाम में आग लगने से लगभग दस लाख की संपत्ति जलकर राख हो गयी।
बलिया-गाजीपुर मार्ग पर नगर पंचायत चितबगड़ागाव के सेंट्रल बैंक की शाखा के निकट जयप्रकाश गुप्ता का कटरा है। इसके पिछले हिस्से में बड़े-बड़े गोदाम हैं। इन्हीं गोदामों में से एक मोहम्मद याकूब निवासी फिरोजपुर की टेंट का गोदाम है। इसमें टेंट के अलावा चारपाई, कुर्सी, मैट आदि रखे हुए थे। इस गोदाम में एक कर्मचारी मोमबत्ती जलाकर कटे-फटे पर्दो की सिलाई कर रहा था। वह रात करीब दस बजे जलती मोमबत्ती छोड़कर अपने घर चला गया। करीब एक घंटे बाद अचानक गोदाम से आग की लपटें निकलने लगीं। यह देख आसपास के लोग शोर मचाने लगे। देखते ही देखते काफी संख्या में भीड़ जुट गई। इसी बीच गश्त पर निकले उपनिरीक्षक उमेश चंद यादव भी वहां पहुंच गए। इन्होंने इसकी सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दिया। इधर जनता आग को काबू में करने का प्रयास करने लगी लेकिन आग की लपटों के बीच उनकी एक नहीं चल रही थी। दमकल की तीन गाड़ियों ने आग को शांत करना शुरू किया। जवानों के पांच घंटे के अथक प्रयास के बाद आग शांत हुई। टेंट मालिक मोहम्मद याकूब का कहना है कि लगभग दस लाख की संपत्ति जल गई है। वह टेंट के ही व्यवस्था से अपने परिवार का भरण पोषण करते थे।