पुलिस विभाग में व्यापक पैमाने पर फेरबदल
बलिया : जनपद की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शनिवार की रात को पुलिस अधीक्षक राजू बाबू सिंह ने व्यापक पैमाने पर फेरबदल किया है। इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। इस फेरबदल में दुबहड़ व बांसडीहरोड थानों के इंचार्ज को हटा दिया गया है, जबकि दुबहड़ एसओ ने एक सप्ताह पूर्व ही नकली नोटों के साथ तस्कर को पकड़ा था। पुलिस अधीक्षक ने दुबहर थाने के इंचार्ज अरुण दुबे को हटा कर क्राइम ब्रांच में तैनाती की है। वहीं इस थाने की कमान पुलिस लाइन में तैनात दिलशाद हुसैन को सौंपी है। बांसडीह रोड के प्रभारी संजीव दुबे को हटाकर शहर क्षेत्र के चंद्रशेखर नगर चौकी पर तैनात किया गया है। इस थाने की कमान पुलिस लाइन से कुंवर बहादुर सिंह को सौंपी गई है। इसी क्रम में पुलिस लाइन से दीप नारायण सिंह को सतनी सराय, कृष्ण मोहन सिंह को चितबड़ागांव थाना, सिविल लाइन चौकी से सरफराज अहमद को फेफना थाना, सुभाष यादव को पुलिस लाइन से भीमपुरा, बांसडीह कोतवाली प्रभारी सत्यनारायण वर्मा को हटा कर पुलिस लाइन में तैनाती की गई है। इनके स्थान पर सुखपुरा थाना से वशिष्ठ नारायण दुबे की तैनाती की गई है। पुलिस लाइन से अशोक कुमार सरोज को क्राइम ब्रांच, खेजुरी थानाध्यक्ष नन्हेराम सरोज को मनियर व मनियर एसओ बच्चे लाल को खेजुरी थाने पर तैनात किया गया है। एकाएक हुए इस तबादले से विभाग में हड़कंप मच गया है।