सांप्रदायिक ताकतों की अब नहीं चलने वाली
बलिया : सूबे में सांप्रदायिक ताकतों की अब नहीं चलने वाली। प्रदेश में हुए उप चुनाव ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता अमन चैन चाह रही है। यह बातें समाजवादी क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह ने कही। वह शनिवार को 'जागरण' से मुखातिब थे। कहा प्रदेश सरकार की मंशा है कि जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक सीधे पहुंचे। इसके लिए सरकार पूरी ईमानदारी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री प्राथमिक शिक्षा को लेकर काफी गंभीर हैं। इसी सिलसिले में लाखों शिक्षकों की भर्ती की गई और यह प्रक्रिया अब भी जारी है। द्वाबा में कटान की समस्या के निदान को भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। पिछले वर्ष कटान से बचाव को लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव ने 34 करोड़ की धनराशि दी थी जिससे घाघरा की कटान से दतहां को बचाया जा सका था। अब इब्राहिमाबाद नौबरार को कटान से बचाने को लोक निर्माण मंत्री द्वारा 17 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। घाघरा का पानी उतरने के बाद कटान की समस्या का स्थाई समाधान ढूंढा जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्युत समस्या के समाधान को भी सरकार गंभीर है और मुख्यमंत्री पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि 2016 तक इसका स्थाई समाधान निकाल लिया जाएगा।