लकड़ा नाले में डूबने से बालक की मौत
सिहांचवर (बलिया): गड़वार थाना क्षेत्र के सिहांचवर खुर्द गांव में बुधवार की सुबह लकड़ा नाला में डूबने से बालक की मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बालक सुबह अपने दोस्तों के साथ स्नान करने गया था। मुंशी प्रसाद बिंद की पांच पुत्रिया व एक पुत्र में मुकेश बिंद (10)सबसे छोटा था। वह सुबह अपने दोस्तों के साथ लकड़ा नाला में प्रतिदिन की भांति नहाने गया हुआ था। नाला के किनारे कपड़ा खोल कर वह अपने दोस्तों के साथ नाला में नहाते हुए उछल कूद मचाने लगा। इसी बीच अचानक मुकेश अत्यधिक पानी में चले जाने के कारण डूबने लगा। दोस्त उसे बचाने का प्रयास करते हुए हो हल्ला मचाने लगे। यह देख आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए। इसी बीच वह पानी के अंदर समा गया। ग्रामीण पानी में घुस कर उसकी तलाश करने लगे। करीब एक घंटे बाद वह घटना स्थल से करीब आधा किमी दूर अचेतावस्था में मिला। उसे लेकर लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी मां जिउतिया व्रत का पारन भी नहीं कर पाई थी।
मां संग स्नान करने गई बालिका नहर में डूबी
मालीपुर (बलिया): उभांव थाना के कैथी गांव के समीप जीवित्पुत्रिका पर्व पर मां संग नहर में स्नान करने गई बालिका मंगलवार देर शाम नहर में डूब गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका शव नहीं मिल सका। नगरा थाना क्षेत्र के गौवापार निवासी पंकज गुप्त की नौ वर्षीय पुत्री संजना अपनी मां व अन्य परिवार वालों के साथ जिउतिया पर्व पर उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथी गांव के सामने तुर्तीपार पंपकैनाल नहर पर गई थी। सभी महिलाएं स्नान करने में व्यस्त थी। इस बीच संजना (9) भी नहर में स्नान के दौरान पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। इससे नहाने वालों में खलबली में मच गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं मिला।