श्रद्धा व उत्साह के साथ मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
बलिया : जनपद में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूम धाम से मनाया गया। जगह-जगह आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। पुलिस लाइन में झांकी सजाने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला जज चिंतामणि तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सीजेएम रत्नेश मणि त्रिपाठी, एएसपी केसी गोस्वामी, एडीएम केपी सिंह, सीआरओ सर्वजीत राम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सपा के जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह भी मौजूद रहे। रात को बारह बजते ही घंटा घड़ियाल बजने लगे। शहर के मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर झांकी सजाई गई थी। भजन कीर्तन का कार्यक्रम रात भर चलता रहा।
गड़वार प्रतिनिधि के अनुसार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बभनौली, त्रिकालपुर, दामोदरपुर, नारायणपाली, चांदपुर, नवादा, मनियर आदि जगहों पर मनाया गया। थाने पर नीरज पाठक ने पूजा पाठ कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर राजेंद्र यादव, मंशा राम गुप्त, ओपी सिंह आदि उपस्थित रहे। बाजार स्थित शिवशक्ति मंदिर में श्रीकृष्ण का जन्म होते ही घंटा घड़ियाल बजने लगे तथा कृष्ण भगवान के जयकारे लगने लगे। बुढ़ऊ स्थित योगीडीह आश्रम पर स्वामी परमेश्वरानंद सरस्वती महाराज उड़िया बाबा की उपस्थिति में जन्मोत्सव मनाया गया।
रसड़ा प्रतिनिधि के अनुसार दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव यहां बड़े ही धूम-धाम और उत्साह पूर्वक मनाया गया। क्षेत्र के सभी देवालयों में आकर्षक झांकियां सजा कर डोल रखा गया। बालकृष्ण भगवान की विभिन्न रूपों की झांकियां घरों में सजाई गईं। रात के 12 बजे लोग श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए जन्म दिवस मनाया। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रत तोड़ा।