राहगीर भरने आह, जिम्मेदार बेपरवाह
रिसिया(बहराइच) : कहने को तो सूबे के निजाम गांव-गलियारों मे विकास की दिन दूनी रात चौगनी रफ्तार का बख
रिसिया(बहराइच) : कहने को तो सूबे के निजाम गांव-गलियारों मे विकास की दिन दूनी रात चौगनी रफ्तार का बखान करने से नही चूक रहे हैं, लेकिन इसकी हकीकत देखनी हो तो क्षेत्र के कटिलिया चौराहे पर चले आएं मार्ग पर गड्ढे और चारों ओर गंदगी ही यहां की पहचान है। व्यवहारिक सुविधाओं का हालचाल न तो अधिकारी ले रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधि।
रिसिया के कटिलिया चौराहे पर बारिश के दौरान हालत बदतर हो गई है। चौराहे पर चारों ओर गंदगी फैली हुई है। मार्गों पर कीचड़ फैले हैं। साथ ही गड्ढों में भरे पानी ने लोगों की मुसीबतें और बढ़ा दी है। लोग कीचड़ और पानी भरे रास्तों पर चलने को विवश हो रहे हैं। यह हाल तब है जब कटिलिया चौराहे पर आसपास के गांवों के लोगों की खरीदारी के लिए रोज दबाव बना रहता है। यह क्षेत्र परिवहन राज्यमंत्री यासर शाह के क्षेत्र में आता है। क्षेत्र का मुख्य बाजार होने के बाद भी यहां की समस्याओं के प्रति जिम्मेदार बेपरवाह दिख रहे हैं। लोगों का कहना है कि जलभराव से निजात पाने के लिए अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों के यहां गुहार लगाई गई, लेकिन कार्रवाई 'ढाक के तीन पात' ही साबित हुई।