मासूम व महिला से दुष्कर्म का प्रयास
बहराइच : जरवलरोड थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में मासूम व महिला से दुष्कर्म के प्रयास का मामला
बहराइच : जरवलरोड थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में मासूम व महिला से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
रविवार की शाम जरवलरोड थाने के झुकिया मुड़िया डीह गांव में एक अधेड़ व्यक्ति ने सात वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। आसपास के लोग प्रकरण को दबाने में जुटे रहे। मंगलवार को पीड़ित पिता अपनी मासूम बालिका को लेकर थाने पहुंचा। थानाध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर गांव के ही रामअवतार(55) के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल रवाना कर दिया गया। मासूम को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। दूसरी घटना थाना क्षेत्र के बंभौरा के मंगरेपुरवा की है। पीड़िता के पति ने बताया कि वह दिल्ली में मजदूरी करता है। उसकी पत्नी घर में अकेली थी। 18 जुलाई को गांव का एक व्यक्ति रात में घर में घुस आया और पत्नी से छेड़खानी कर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। पत्नी के शोर मचाने पर वह भाग गया, लेकिन उसकी इयरफोन की लीड घर में ही गिर गई। पत्नी ने फोन पर उसे जानकारी दी। जिस पर वह दिल्ली से लौट आया। लोकलाज के भय से किसी को बताया नहीं, लेकिन आरोपी राजू ने दोबारा फिर से पत्नी से छेड़छाड़ की। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपी राजू पर दुष्कर्म का मुकदमा लिखा जा रहा है।