दिन-रात बिजली गुल, हंगामे का शो फुल
बहराइच : उमस भरी गर्मी में बेतहासा विद्युत कटौती के चलते शुक्रवार का दिन व रात शहर लोगों पर भारी पड़ा
बहराइच : उमस भरी गर्मी में बेतहासा विद्युत कटौती के चलते शुक्रवार का दिन व रात शहर लोगों पर भारी पड़ा। दिन में कटौती के बाद रात को उपभोक्ताओं ने बिजली आने की उम्मीद लगाई थी, लेकिन यह हुआ नहीं। भूमिगत केबिल की फाल्ट दुरुस्त न हो पाने पर जिम्मेदारों ने दो टूक कहा बिजली नहीं आ पाएगी, इसके बाद लोगों का धैर्य जवाब दे गया और शहर के जिला अस्पताल के निकट गुरुनानक चौक के पास एकत्र हुए लोगों ने बिजली विभाग के विरुद्ध अपना आक्रोश जताया। भीड़ बढ़ती देख सूचना पुलिस को दी गई। काफी मशक्कत के बाद लोग शांत हुए। आश्वासन के बाद वे घर लौट गए। हालांकि रात में बिजली नहीं आई। शनिवार सुबह आठ बजे के बाद ही बिजली की आपूर्ति बहाल हो सकी। अधिशाषी अभियंता आरिफ अहमद ने बताया कि भूमिगत केबिल में फाल्ट आ जाने के कारण आपूर्ति बाधित हुई। इसे ठीक करने के लिए शुक्रवार पूरी रात विद्युत कर्मी जूझते रहे। सुबह आपूर्ति बहाल हो गई है। विशेश्वरगंज संवादसूत्र के अनुसार क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के रोस्टर को लेकर आम जनता में रोष व्याप्त है। बिजली आपूर्ति दोपहर दो बजे से पांच बजे तक व रात में 12 बजे से सुबह छह बजे तक दी जाती है। बिजली की आपूर्ति पूर्व के रोस्टर के अनुसार दिन में 12 बजे से शाम पांच बजे तथा रात्रि 10 बजे से सुबह पांच बजे तक देने की मांग की गई है। शैलेश त्रिपाठी, सर्वेश दूबे, राजीव मिश्र ने पुराने रोस्टर से विद्युत आपूर्ति की मांग की है।
------------इनसेट-----------जनरेटर को लेकर हुई रात में चहलकदमी
-जैसे ही विद्युत अधिकारियों ने यह जानकारी देना शुरू किया कि भूमिगत केबिल का फाल्ट बड़ा है। रात भर इसे ठीक करने में लग सकता है। विद्युत आपूर्ति होनी मुश्किल है। इसके बाद शुक्रवार की रात जनरेटर की खोज में लोग निकल पड़े। दुकानें बंद थी। इसके चलते मुश्किलें हुई। परिचितों को फोन लगाकर मैकेनिक और दुकानदारों की जी हुजूरी की गई। अधिकारी, बाबू और व्यापारी जनरेटर की खोज में शिद्दत के साथ लगे रहे। जनरेटर मिलने के बाद ही शुक्रवार की रात उनकी आराम से बीत पाई।