आम की अधिक पैदावार की उम्मीद
बहराइच : फलों के राजा आम के पौधों में फसल इस बार अच्छी होने की उम्मीद है। मौसम अनुकूल रहा तो आम आदमी
बहराइच : फलों के राजा आम के पौधों में फसल इस बार अच्छी होने की उम्मीद है। मौसम अनुकूल रहा तो आम आदमी को भी आमों का स्वाद मिलेगा। स्थानीय क्षेत्र अन्तर्गत आने वाली नानपारा तहसील आम की बागों में प्रदेश में दूसरा स्थान रखती है। यहां आम की फसल अधिक होती है। इस क्षेत्र का आम बड़े व्यापारियों के माध्यम से विदेश तक जाता है। नानपारा तहसील क्षेत्र में स्थित बागों की संख्या अंगुली पर नहीं गिनी जा सकती।
मुख्य रूप से अगैया, हांडा, मधुवन, हकीमपुरवा, बसहरी, आंबा पोखर, रायबोझा, हकीम गांव, करीम गांव, बाबागंज, नवाबगंज, बुलबुल नेवाज, मझौली, अमवा मौलवी, शंकरपुर सहित दर्जनों गांवों में आम की सैकड़ों एकड़ भूमि है। इस पर लंगड़ा, दशहरी, मालदा, सफेदा, तोतापरी, चौसा, तुकमी, जर्दालु आमों के प्रजातियों के पेड़ लगे हुए हैं। इन पर अच्छे फूल आए हैं। इससे ज्यादा पैदावार के आसार बढ़ गए हैं। मालूम हो कि पिछले वर्ष कम पैदावार होने के चलते महंगाई की मार से आम आदमी इस अमृत फल का स्वाद नहीं ले सका था। इस बार आशा जगी है कि अच्छी पैदावार होगी। आम आदमी को भी आम का स्वाद मिल सकेगा।