धान क्रय केंद्र पर ताला, किसान परेशान
बहराइच: धान क्रय केंद्र पर लटक रहे ताले से जहां किसान परेशान हैं वहीं जरूरत के लिए किसानों को दलालों
बहराइच: धान क्रय केंद्र पर लटक रहे ताले से जहां किसान परेशान हैं वहीं जरूरत के लिए किसानों को दलालों के हाथ सस्ते कीमत दर धान बेचने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है जिससे किसानों में काफी आक्रोश है।
कस्बा नवाबगंज में बख्शी गांव रोड पर प्राइमरी स्कूल के पास स्थित धान क्रय केंद्र पर आये दिन ताला लटकता हुआ मिलता है। किसान पप्पू सिंह, शिव कुमार सिंह, अजीत, विजय कुमार सिंह आदि ने बताया कि क्रय केंद्र बंद होने के कारण किसान अपनी जरूरत के लिए जब धान को बेचने के लिए आते हैं तो व्यापारियों के दलाल किसानों का जमकर शोषण करते हैं। सस्ते कीमत पर किसानों की कमाई पर डाका डालते हैं। किसानों ने बताया कि धान क्रय केंद्र एवं निजी व्यापारियों में सांठगांठ की वजह से धान क्रय केंद्र को जानबूझ कर बंद रखा जाता है। जिससे जरूरतमंद किसान व्यापारियों के दलालों के माध्यम से सस्ते दाम में धान बेचने को बाध्य होते हैं।