15 लाख की चोरी, रिपोर्ट दर्ज होते 12 हो गई
बहराइच : फखरपुर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर निवासी एक व्यक्ति के घर चोरों ने सेंध लगाकर लाखों की नगदी व जेवरात चोरी किये। घटना की जानकारी पाकर क्षेत्राधिकारी कैसरगंज दुर्गेश सिंह भी दलबल के साथ पहुंचे। मौके पर फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना क्षेत्र फखरपुर के परशुरामपुर निवासी बांकेलाल जायसवाल पुत्र छेदन लाल का दुकान और घर एक ही स्थान पर है। मकान के आगे लाइन से उनकी दुकाने संचालित होती हैं। इन दुकानों में ज्वैलरी शॉप, किराना, मोबाइल आदि दुकानें शामिल हैं। घर के बगल दीवार में एक चैनल लगा है। परिजनों का आरोप है कि चोरों ने इसी चैनल का ताला काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। गैलरी के अंदर से प्रवेश कर चोरों ने कमरे में रखे तिजोरी पर हाथ साफ किया। परिजनों ने बताया कि चोरों ने दो लाख से अधिक की नगदी पर हाथ साफ किया। साथ ही उनके घर की चार बहुओं के सोने चांदी के जेवरात भी चोर समेट ले गये जिसकी कीमत लाखों में बताई जाती है। पीड़ित परिवार की माने तो चोरों ने लगभग 15 लाख रुपये की सामानों पर हाथ साफ किया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ कैसरगंज दुर्गेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष फखरपुर विनोद कुमार यादव भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी ने मौके पर फिंगर प्रिंट टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम के सदस्यों ने गहनता से पूरे मामले की जांच की। पीड़ित परिजनों के अनुसार भले ही 15 लाख से अधिक की चोरी का आंकलन किया जा रहा है, लेकिन प्राथमिकी दर्ज होते-होते चोरी 12 लाख पर सिमट गई।
जल्द होगा खुलासा : दुर्गेश
बहराइच : सीओ कैसरगंज दुर्गेश सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। टीमें गठित कर मामले का राजफाश करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की भी मदद ली जा रही है। सारे पहलुओं की बारीकी से जांच हो रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
व्यापारियों में आक्रोश : चोरी की घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाया है। घटना के चलते फखरपुर कस्बेवासी दहशतजदा हैं। उनका कहना है कि चोरों के निशाने पर अब कौन होगा, यह बात लोगों को परेशान कर रही है।