जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें अधिकारी
बहराइच : पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर सपा जिलाध्यक्ष रामतेज यादव ने पार्टी कार्यालय पर जनसमस्याओं की सुनवाई की। फोन पर अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण के संबंध में बातचीत की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिकायतों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। इन्हें पार्टी मुख्यालय भेजा जाएगा। जहां से इन शिकायतों को निस्तारण के लिए किए गए कार्यो की प्रगति अधिकारियों से पूछी जाएगी। हीलाहवाली करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई का चाबुक चलेगा।
सपा जिलाध्यक्ष ने पार्टी कार्यालय पर आए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि बलहा उपचुनाव के लिए कार्यकर्ता शिद्दत के साथ जुट जाएं। सपा सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव घर-घर पहुंचाएं। बलहा में विकास की योजनाओं को गति दी जा रही है। जनेश्वर मिश्र योजना के तहत कई गांव चयनित हुए हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा शिकायतें खाद्यान्न न बंटने और थाने पर पीड़ितों को वापस लौटाने की मिली हैं। यह गंभीर प्रकरण है। पार्टी के उच्चाधिकारियों को इससे अवगत कराया जाएगा। मुलायम यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि सपा सरकार ने जनसमस्याओं की सुनवाई के लिए अनूठी पहल की है। पिछली सरकार जनता से दूर हो गई थी। सपा आम आदमी के हितों को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सपने दिखाने का काम करती है। जनसमस्याओं की सुनवाई के दौरान मीडिया प्रभारी नदीमुलहक तन्नू, नंदेश्वरनंद यादव, डॉ.आशिक अली, अशोक प्रताप लोधी, मनीष यादव, सपा जिला सचिव कुलदीप यादव, विशाल पाठक, रोमित सिंह, राजमल यादव, राजेश त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।