गोताखोरों को उपलब्ध कराएं लाइफ जैकेट : डीएम
बहराइच: शनिवार को डीएम नरेन्द्र कुमार सिंह ने अपर जिलाधिकारी जेपी सिंह के साथ बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण किया। बौण्डी स्थित घाघरा की कटान में क्षतिग्रस्त स्परों के मरम्मत कार्य की हकीकत देखी। मरम्मत कार्य में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। घाघरा नदी में पशुओं के लिए चारा लाने वाले ग्रामीणों को छोटी नाव पार करते देख उन्होंने एसडीएम से बड़ी नावों के संचालन कराए जाने का निर्देश दिया।
शनिवार को डीएम अपराह्न करीब दो बजे एडीएम के साथ बौण्डी स्थित घाघरा नदी की कटान में क्षतिग्रस्त स्पर नं शून्य पर पहुंचे। सरयू ड्रेनेज खण्ड के अधिशाषी अभियन्ता एमएल सचान से मरम्मत कार्य में प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद जोगापुरवा स्थित क्षतिग्रस्त स्पर नं शून्य पर चल रहे मरम्मत कार्यो का जायजा लिया। मरम्मत कार्य की धीमी प्रगति पर डीएम ने कार्य में तेजी लाए जाने का निर्देश दिया। यहां पर डीएम ने पशुओं के लिए चारा लाते ग्रामीणों को एक छोटी नाव से नदी पार करते देखा। नाव ग्रामीणों से खचाखच भरी थी। उस पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। एसडीएम को निर्देश दिया कि आवागमन के लिए ग्रामीणों को बड़ी नाव उपलब्ध कराई जाए। गोताखोरों के बारे में जानकारी ली। यहां पर मौजूद जोगापुरवा के नन्कुन्ना नामक गोताखोर से बातचीत की। एसडीएम ने बताया कि तहसील क्षेत्र में 82 गोताखोर हैं। डीएम ने सभी गोताखोरों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया। डीएम ने बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण कर हालात का जायजा लिया। इस मौके पर एसडीएम रमेश चन्द्र शुक्ला, सिंचाई विभाग के सहायक अभियन्ता आर के श्रीवास्तव, डीएच त्रिपाठी, वीवी पाल, एसओ विनोद कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
दाल भात खायन है साहेब!
महसी : स्पर के निरीक्षण के दौरान डीएम जितने गंभीर उतने बच्चों से मिल प्रसन्न भी हुए। वजह थी उनकी बोली और उनके संवाद करने का तरीका। स्पर के निरीक्षण के दौरान गाड़ियों को देख पड़ोस स्थित जोगापुरवा गांव के बच्चे वहां पहुंच गए। बच्चों की भीड़ देख डीएम रुक गए। उन्होंने बच्चों से स्कूल के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि वे प्राथमिक विद्यालय जोगापुरवा में पढ़ते हैं। यहां पर मौजूद कक्षा 2 की शीला देवी, कक्षा 4 के पवन, कक्षा 5 के पंकज व कक्षा 1 के ननकू से डीएम ने पूछा- बेटा स्कूल में खाना बनता है। जवाब मिला जी। जवाब सुनकर डीएम ने फिर पूछा आज क्या बना था। बच्चों ने बड़ी बेबाकी से जवाब दिया। दाल भात खायन है साहेब। बच्चों के जवाब सुनकर डीएम बहुत प्रसन्न हुए। इसके बाद उन्होंने बच्चों को मिठाइयां बांटी।
थाने का किया निरीक्षण
महसी : बौण्डी स्पर के निरीक्षण के बाद डीएम नरेन्द्र कुमार सिंह ने एडीएम जेपी सिंह के साथ थाने का निरीक्षण। उन्होंने तहसील दिवस, समाधान दिवस, अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। मालखाने व थाना परिसर में साफ-सफाई का जायजा लिया। डीएम ने समाधान व तहसील दिवस की शिकायतों के अतिशीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने संतरी सतीश को 500 रुपये देकर पुरस्कृत किया।