मंडलीय तीरंदाजी में बागपत का कब्जा
बड़ौत (बागपत) : जनता वैदिक इंटर कालेज में मंडलीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य आत्माराम तोमर ने किया। प्रतियोगिता में बागपत व बुलंदशहर के तीरंदाज पहुंचे, लेकिन बुलंदशहर के तीरंदाजों के पास धनुष न होने से उन्हें बाहर होना पड़ा।
सोमवार को हुई मंडलीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग में विशेष वेदवान ने 360 में से 112 अंक, अनिरुद्ध वेदवान ने 102 अंक, विकुल राणा ने 87 अंक, यशदेव आर्य ने 75 अंक और जूनियर वर्ग में सूरज तोमर ने 360 में से 325 अंक, शिवम राठी ने 312 अंक, आकाश कुमार ने 196 अंक, फरमान ने 79 अंक प्राप्त कर क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ स्थान हासिल किया।
सीनियर वर्ग में निखिल वेदवान ने 360 में से 349 अंक, पुनित तोमर ने 297 अंक, विपिन तोमर ने 295 अंक, विकास कुमार ने 279 अंक हासिल कर क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। स्कोरर उपेंद्र तोमर व सचिन वेदवान रहे। प्रतियोगिता के विजेता तीरंदाज मिर्जापुर में होने वाली प्रदेशीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में निशाना साधेंगे।
बुलंदशहर के तीरंदाज प्रतियोगिता से हुए वंचित
बड़ौत : मंडलीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के संयोजक बाबूराम प्रधान ने बताया कि सोमवार को हुई प्रतियोगिता में केवल बागपत के आर्चर ही प्रतिभाग कर सके। बुलंदशहर से आए तीरंदाजों के पास खुद का धनुष न होने से प्रतियोगिता से वंचित होना पड़ा। बताया कि नियम के अनुसार तीरंदाजों के पास खुद का धनुष होना चाहिए, तभी तीरंदाज प्रतिभाग कर सकता है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर