मेहनत के बल पर भेदा लक्ष्य
बड़ौत, बागपत। : प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। विपरीत परिस्थितियों में भी मेहनतकश अपनी राह बना ही लेते हैं। कुछ ऐसे से ही मेधावियों से रू-ब-रू होते हैं, जिन्होंने मेहनत के बूते लक्ष्य हासिल किया।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा के बंपर परिणाम के बीच कुछ ऐसी मेधा भी चमकीं, जिन्होंने कम संसाधनों और विषम परिस्थितियों में न सिर्फ खुद को साबित किया, बल्कि टॉपरों की लिस्ट में अपना नाम लिखाया।
छात्र अश्वनी कुमार ने हाईस्कूल परीक्षा में 91.16 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। चौधरी कुंदन सिंह इंटर कालेज बसौली की इस प्रतिभा के परिवार के सभी सदस्य मजदूरी करते हैं। बच्चे की प्रतिभा को पहचानते हुए विद्यालय ने इसकी पढ़ाई की सभी व्यवस्थाएं की। पिता सहदेव सिंह ने भी बेटे को पढ़ाने के लिए अनुकूल माहौल बनाया।
छात्रा आयुषी जैन के पिता मनोज जैन की बरनावा में चाय की छोटी सी दुकान है। दिनभर की मेहनत के बाद दो जून की रोटी का जुगाड़ हो पाता है, मगर आयुषी ने अपनी लगन के बूते 77 प्रतिशत अंक हासिल किए। आयुषी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती है।
छात्रा काजल सिरसली की रहने वाली है। पिता जितेंद्र कुमार साधारण किसान हैं। खेती-बाड़ी में पिता का हाथ बंटवाने के साथ इस छात्रा ने 85.16 प्रतिशत अंक हासिल किए।
इनके अलावा हिलवाड़ी गांव में कोल्हू चलाने वाले अन्नू सैनी ने 68.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। अन्नू आईएएस बनना चाहता है। इसी के साथ हिलवाड़ी के अमित(82.33) तथा शिवम तोमर (83.85) एक साधारण किसान के बेटे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर