झांककर चले गए सूर्यदेव, सर्दी का सितम बरकरार
जागरण संवाददाता, बागपत : कोहरा, शीतलहर और नमी में इजाफा होने से सर्दी और बढ़ गई। अवाम की कंपकपी छूट
जागरण संवाददाता, बागपत : कोहरा, शीतलहर और नमी में इजाफा होने से सर्दी और बढ़ गई। अवाम की कंपकपी छूट गई।
बुधवार को भी अन्य दिनों की तरह सुबह 10 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से यातायात प्रभावित हुआ। कई स्थानों वाहन आपस में भिड़े। बड़ौत रोड पर बड़ौली के पास एक ट्रक कोहरे की वजह से पलट गया। वाहनों को रेंग-रेंग कर चलना पड़ा। कोहरा छंटा तो शीतलहर ने जीना मुहाल कर दिया। दूसरी तरफ नमी में भी जबर्दस्त इजाफा हो गया। नमी 85 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सर्दी से बचने के लिए लोगों ने अलाव से अन्य साधनों का प्रयोग किया। कक्षा आठ तक के बच्चे अवकाश की वजह से कड़ाके की ठंड में स्कूल जाने से बच गए, लेकिन ऊपरी कक्षाओं के छात्रों को इसी भीषण सर्दी में कालेज जाना पड़ा। सर्दी के सितम से बचने के लिए बहुत जरूरी काम से ही लोग घरों से निकले। अधिकांश लोग घरों में कैद रहे। दोपहर में कुछ देरी के लिए सूर्य देव ने दर्शन तो दिए लेकिन वह कोहरे की चादर में ढके रहे। सूर्यदेव के इस आगमन का भी अवाम को कोई राहत नहीं मिली।