आंधी और तेज बारिश, सुहाना हुआ मौसम
जागरण संवाददाता, बागपत : आंधी के बाद तेज बारिश हुई और फिर मौसम सुहाना हो गया। सुबह छह बजे के आसपास भ
जागरण संवाददाता, बागपत : आंधी के बाद तेज बारिश हुई और फिर मौसम सुहाना हो गया। सुबह छह बजे के आसपास भी जिले के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश हुई। हालांकि इसके बाद मौसम अन्य दिनों की तरह ही हो गया। तेज धूप निकल आई। बारिश का पानी गर्मी से इतनी तेजी से सूख गया मानो बारिश हुई न हो। उधर, दोपहर की धूप ने तड़पाना शुरू कर दिया। मौसम ने फिर अंगड़ाई ली और चटक धूप वाले आसमान में अचानक बादल छा गए। तेज धूल भरी आंधी चलने लगी। तूफान सरीखे आंधी की वजह से होर्डिंग्स, छतों के टिन उड़ गए। कई स्थानों पर पेड़ की शाखाएं टूटने की भी सूचना मिली। कुछ स्थानों पर बिजली के जर्जर तार भी टूट कर गिर गए। इसके बाद तेज बारिश शुरू हुई। झमाझम बारिश से छत, सड़क से लेकर खेत तक भीग गए। साढ़े तीन बजे के बाद तेज बारिश बूंदाबादी में बदल गई। इस बारिश से मौसम सुहाना हो गया। हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए।