खेत गए किसान को पीट-पीट कर मार डाला
बागपत : दोघट थाना क्षेत्र के टीकरी कस्बे के जंगल में खेत पर सिंचाई करने गए एक किसान की अज्ञात हमलावर
बागपत : दोघट थाना क्षेत्र के टीकरी कस्बे के जंगल में खेत पर सिंचाई करने गए एक किसान की अज्ञात हमलावरों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमलावरों ने गुप्तांगों पर भी गहरी चोट मारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि अभी हत्या का कारण पता नहीं चल सका है।
टीकरी की पट्टी धिमाना निवासी देवेंद्र (52) पुत्र इलम सिंह शनिवार रात करीब नौ बजे अपने बेटे राहुल से नलकूप की चाबी लेकर खेत में सिंचाई करने गया था। रविवार सुबह लगभग छह बजे जब किसान खेतों में पहुंचे तो देवेंद्र का शव पड़ोसी खेत मालिक रामनिवास की गेहूं की फसल में नग्न अवस्था में मिला। पूरे शरीर पर पिटाई के निशान थे। मृतक के गुप्तांगों पर भी कई प्रहार किए गए हैं। शव देखकर गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी मौका मुआयना किया।
सीओ सीपी सिंह के मुताबिक, घटनास्थल पर टूटी गेहूं की फसल इशारा करती है कि हत्या से पहले देवेंद्र ने बचने के लिए संघर्ष भी किया होगा। मौके पर खून बिखरा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या किसने और क्यों की? अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतक के पिता ने अज्ञात हत्यारोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
घर में कोहराम
मृतक के पिता इलम सिंह ने बताया, उसका पुत्र दो वर्ष पूर्व बड़ौत तहसील में नौकरी करता था। लेकिन अभी वह खेतीबाड़ी ही देखता था। वह अपनी पत्नी मुनेश व बेटे राहुल के साथ रहता था। बताया कि बेटी रूबी की शादी हो चुकी है। छोटा भाई योगेंद्र व माता-पिता अलग रहते हैं। किसान की मौत से पूरे परिवार पर पहाड़ सा टूट गया है और रो-रोकर बुरा हाल है।
इन्होंने कहा..
मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही हत्यारोपियों को दबोच लिया जाएगा।
सीपी सिंह, सीओ-बड़ौत