सर्राफ की दुकान की छत उखाड़ी, लाखों उड़ाए
बागपत : बाजार चौकी से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर शहर के बीचोंबीच स्थित एक सर्राफ की दुकान में चोरो
बागपत : बाजार चौकी से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर शहर के बीचोंबीच स्थित एक सर्राफ की दुकान में चोरों ने नकब लगाकर लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
ठंड बढ़ने के साथ ही चोरों ने हाथ-पैर मारने शुरू कर दिए हैं। पुलिस गश्त में सुस्ती के चलते चोरों की चुस्ती बढ़ गई है। नगर निवासी पीड़ित सुधीर जैन, मनोज जैन पुत्रगण इंद्रसेन जैन की सर्राफा बाजार में आभूषणों की दुकान है। शनिवार रात्रि चोरों ने उनकी दुकान की छत उखाड़कर चोरी की। सवेरे जब मनोज कुमार अपनी दुकान खोलकर अंदर गए तब उन्हें चोरी का पता चला। दुकान की छत उखड़ी देखकर सर्राफ के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया। चोरों ने गैस कटर से दुकान की तिजोरी काटकर लाखों के माल पर हाथ साफ किया। सूचना पर पहुंचे पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। सीओ सीपी सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया। चोरी से व्यापारियों में रोष है और उन्होंने जल्द घटना के खुलासे की मांग की है। व्यापारियों ने पुलिस पर गश्त में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। एसएसआई विजय कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।