डेरा सच्चा सौदा पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
बागपत : बरनावा के शाह सतनाम जी आश्रम में डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक बेपरवाह मस्तान महाराज के पावन ज
बागपत : बरनावा के शाह सतनाम जी आश्रम में डेरा सच्चा सौदा के संस्थापक बेपरवाह मस्तान महाराज के पावन जन्म माह के अवसर पर आयोजित रुहानी सत्संग में श्रद्धालुओं का ऐसा जन सैलाब उमड़ा कि हर तरफ धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा का जयघोष गूंज उठा।
रविवार के देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु मस्ताना महाराज के जीवन संदेश से जुड़े संकीर्तन की धुनों पर चल रहे भजनों पर ऐसे नृत्य कर रहे थे जैसे भक्ति रस के सागर में गोते लगा रहे हों। डेरा सच्चा सौदा के गद्दीनशीन संत राम रहीम गुरमीत सिंह इंका ने प्रवचन करते हुए कहा कि राम नाम का नित्य नियम से जाप करने से आत्मबल बढ़ता है। आज के दौर में मनुष्य दु:खों व परेशानियों में डूबा हुआ है तथा नशे व बुराइयों में जकड़ा है। यदि मनुष्य सच्चे भाव से सुमिरन करे तो उसके जीवन में सुख-शांति जरूर आती है। उन्होंने कहा कि सच्चे रहबर शाह मस्ताना जी महाराज ने जीवों को रामनाम पर चलना सिखाया तथा बुराइयों को छोड़ने का संदेश दिया। उनकी प्रेरणा से आज करोड़ों लोग बुराइयों से तौबा कर चुके हैं। संत पीर फकीर जीवों को समझाने तथा भलाई का रास्ता दिखाने आते हैं। उन्होंने 45 हजार 460 श्रद्धालुओं को नामदान किया और ध्यान का तरीका सिखाया। इस पावन माह में श्रद्धालुओं को पान, गुटखा, बीड़ी, शराब आदि छोड़ने का भी संकल्प दिलाया। आयोजन में भंडारे में लाखों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संत राम रहीम ने श्रद्धालुओं के विभिन्न सवालों के जवाब भी दिए और रात्रि में रूबरू नाई का आयोजन किया गया।
बनी रही जाम की स्थिति
बरनावा के शह सतनाम सिंह आश्रम में रविवार को रुहानी सत्संग में भाग लेने के लिए देशभर के विभिन्न प्रांतों से लाखों श्रद्धालु वाहनों से पहुंचे। मेरठ-बड़ौत मार्ग पर वाहनों की लंबी-लंबी कतार से दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं पुलिस प्रशासन ने भारी वाहनों को दूसरे मार्गो से गुजारा। रुहानी सत्संग में हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान से आए श्रद्धालुओं को अपने वाहनों को कई-कई किमी दूर पार्क करना पड़ा। सत्संग स्थल तक पहुंचने में महिलाओं व बच्चों को पैदल ही लंबा सफर तय करना पड़ा।